विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ मेट्रो में 9 साल में 150000000 लोगों ने किया सफर, UPMRC ने उत्कृष्ट कर्मचारियों को दिया मेडल

Published: Sat, 05 Sep 2026 07:49 PM (IST)

लखनऊ मेट्रो ने अपने परिचालन के नौ वर्ष पूरे होने पर 9वां मेट्रो दिवस मनाया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. लखनऊ मेट्रो ने सफलतापूर्वक पूरे किए नौ साल।

  2. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को एमडी मेडल मिला।

  3. 15 करोड़वें यात्री और गोस्मार्ट कार्ड धारक सम्मानित।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी ) ने शनिवार को लखनऊ मेट्रो के परिचालन के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 9वां मेट्रो दिवस आयोजित किया। हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले यूपीएमआरसी कर्मचारियों को एमडी मेडल अवार्ड से सम्मानित किया गया। साथ ही लखनऊ मेट्रो के 15 करोड़वें यात्री एवं शीर्ष गोस्मार्ट कार्ड उपयोगकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी।

विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित फोटो-वाक के दौरान फोटोग्राफरों की खींची गई तस्वीरों की प्रदर्शनी का अवलोकन यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने किया। एमडी ने अलग-अलग श्रेणी में कर्मचारियों को पुरस्कृत किया।

बेस्ट केप्ट मेट्रो स्टेशन अवार्ड का मिला सम्मान

प्रोजेक्ट श्रेणी में अमित कुमार सैनी को स्वर्ण, आनंद कुमार झा को रजत, मेहफूज अंसारी को कांस्य, आपरेशन एवं रोलिंग स्टाक कैटेगरी में नयनी सिंह को स्वर्ण, कामिनी सिंह को रजत और सुमित कुमार को कांस्य, मेंटेनेंस की कैटेगरी में कृष्ण कांत पोखरियाल को स्वर्ण, रिजवान खान को रजत और रेनू चौरसिया को कांस्य, सपोर्टिंग स्टाफ की कैटेगरी में नवीन यादव को स्वर्ण, पूर्णा मजूमदार को रजत, निहाल पाठक एवं अश्वनी पांडेय को कांस्य पदक मिला। आगरा के ताजमहल मेट्रो स्टेशन को बेस्ट केप्ट मेट्रो स्टेशन अवार्ड से सम्मानित किया गया।

लखनऊ मेट्रो की 15 करोड़वें यात्री हिमांशी कश्यप को सम्मानित किया गया। सबसे अधिक गोस्मार्ट कार्ड का उपयोग करने वाली यात्री अनामिका मिश्रा को प्रथम,मोहम्मद मोइन-उल-हक को द्वितीय और एलपी मौर्य को तृतीय पुरस्कार मिला।

यह भी पढ़ें- लखनऊ के गोमती नगर का 'विनम्र खंड' बिजली उपकेंद्र तैयार, 40 हजार उपभोक्ताओं को सप्लाई होगी बिजली

एमडी ने कहा कि यूपीएमआरसी ने प्रति यात्री किराया राजस्व में 30 प्रतिश अधिक, प्रति किलोमीटर आय में 29 प्रतिशत अधिक और गैर-किराया राजस्व प्रति किलोमीटर में 95 प्रतिशत अधिक प्रदर्शन दर्ज किया है। साथ ही सिग्नलिंग विश्वसनीयता में 75 प्रतिशत अधिक और ऊर्जा दक्षता में बेहतर प्रदर्शन इसकी कार्यक्षमता को दर्शाता है।