Move to Jagran APP

Uttar pradesh Weather: बर्फीली हवा से शून्य के करीब पहुंचा लखनऊ व मथुरा का तापमान

Uttar pradesh Weather news शहर का अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

By Anurag GuptaEdited By: Published: Sat, 02 Jan 2021 06:30 AM (IST)Updated: Sat, 02 Jan 2021 08:48 AM (IST)
Uttar pradesh Weather: बर्फीली हवा से शून्य के करीब पहुंचा लखनऊ व मथुरा का तापमान
शीतलहर से कड़ाके की ठंड के बीच कोहरे की चादर से ढके कई जिले।

लखनऊ, जेएनएन। नए वर्ष के स्वागत में ठंड ने भी रिकॉर्ड तोड़ दिया। शुक्रवार को बर्फीली हवाओं की वजह से लखनऊ और मथुरा का न्यूनतम शून्य के करीब जा पहुंचा। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के पास विक्षोभ बनने से प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। पश्चिमी यूपी में बादल छाए रहेंगे। लखनऊ में शुक्रवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। इससे पहले वर्ष 2017 में शहर का न्यूनतम पारा 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शनिवार को लखनऊ व आसपास के जिलों में बादलों की आवाजाही रहने की संभावना है।

loksabha election banner

तीन से पांच जनवरी तक लखनऊ समेत कई इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। रात में कोहरा छाया रहेगा। हालांकि शहर की हवा में सुधार नहीं हो पा रहा है। शुक्रवार को एक्यूआइ 360 दर्ज किया गया। उधर मथुरा में साल की सुबह खासी सर्द रही। यहां भी शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री दर्ज हुआ। आगरा, मैनपुरी और कासगंज में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आगरा में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान दो डिग्री और कासगंज में अधिकतम तापमान 13 डिग्री व न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मेरठ से अलीगढ़ तक छाया घना कोहरा

मेरठ व अलीगढ़ में नववर्ष का आगाज कड़ाके की ठंड और कोहरे के साथ हुआ। शीतलहर के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे। घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। दिन में भी वाहन चालकों को हेड लाइट जलाकर चलना पड़ा। दोपहर बाद कुछ देर के लिए सूर्य देव के दर्शन तो हुए, लेकिन शीतलहर के कारण सर्दी में कोई कमी नहीं आई। सहारनपुर में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री और बागपत में 1.8 डिग्री रहा। इसी तरह मेरठ का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री, मुजफ्फरनगर का 3.4 डिग्री और बिजनौर का न्यूनतम तापमान 4.4 रहा। अलीगढ़ में न्यूनतम नौ डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बुलंदशहर अपेक्षाकृत कम ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान आठ डिग्री रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक एक दो दिन में बूंदाबांदी भी हो सकती है।

बरेली में कल से मिल सकती है शीतलहर से राहत

बरेली में शुक्रवार को भी शीतलहर में लोग ठिठुरते रहे। गुरुवार की रात से छाया घना कोहरा शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हटा। इसके बाद हल्की धूप निकली लेकिन, शीतलहर जारी रही। यहां न्यूनतम तापमान 3.4 और अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि तीन जनवरी से शीतलहर से कुछ राहत मिल सकती है। सात जनवरी से फिर ठंड बढऩे की उम्मीद है। पांच से आठ जनवरी के बीच बारिश का भी अनुमान लगाया जा रहा है। 

मुरादाबाद में सबसे ठंडी रात के साथ आया नया साल

मुरादाबाद में गिरते तापमान के बीच शुक्रवार को सीजन की सबसे ठंडी रात रिकॉर्ड की गई। सुबह 11 बजे तक घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता महज तीन से पांच मीटर ही रह गई। हालांकि सुबह 11 बजे के बाद खिली धूप ने कुछ राहत जरूर दी। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 2.5 तो अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक यहां तीन जनवरी से बूंदाबांदी के आसार हैं।

कानपुर में टूटा 23 साल का रिकार्ड

कानपुर में 31 दिसंबर की रात पड़ी ठंड से 23 साल का रिकार्ड टूट गया। दोपहर में धूप निकलने से सर्दी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने बारिश की संभावना व्यक्त की है। यहां रात में पारा 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 1998 में एक जनवरी की रात न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा था। 

खेत की रखवाली कर रहे किसान की मौत 

उन्नाव के अचलगंज में खेत की रखवाली कर रहे जमुका गांव निवासी 40 वर्षीय किसान गेंदे चौरसिया की सर्दी लगने से मौत हो गई। शुक्रवार को कन्नौज, उन्नाव और कानपुर देहात में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह इटावा में चार, हमीरपुर, औरैया व फतेहपुर में नौ, बांदा व उरई में 10 तथा फर्रुखाबाद में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

  • हरदोई : 4.6
  • कानपुर : 4.1
  • बहराइच : 4.2
  • खीरी : 4.4
  • बरेली : 4.6

शहरों का एक्यूआइ 

  • नोएडा : 455 
  • ग्रेटर नोएडा : 434
  • गाजियाबाद : 470
  • दिल्ली : 441

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.