लखनऊ में पैसे न देने पर पड़ोसी ने युवक पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, मची चीख-पुकार
लखनऊ के त्रिवेणी नगर तीन में रुपये न देने पर एक युवक को पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। काम ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
रुपये न देने पर युवक को पेट्रोल डालकर जलाया गया।
पड़ोसी बलगर ने राकेश पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई।
पीड़ित सिविल अस्पताल में भर्ती, आरोपी की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। त्रिवेणी नगर तीन इलाके में रुपये न देने पर मनबढ़ युवक ने काम से लौट रहे युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में युवक बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बहन की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ अलीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
त्रिवेणी नगर तीन निवासी रानी यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई राकेश शटरिंग लगाने का काम करता है। बुधवार को वह काम कर घर लौट रहा था। मूंगफली मंडी के पास पड़ोस में रहने वाले बलगर नाम के युवक ने राकेश को रोक कर रुपये मांगने शुरू कर दिए।
भाई ने इंकार किया तो वह गाली-गलौज करने लगा। विरोध पर बलगर ने जेब में रखी बोतल निकाली और पेट्रोल राकेश पर छिड़क दिया। कोई कुछ समझ पाता इसके पहले ही बलगर ने आग लगा दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बलगर पहले भी कई लोगों से मारपीट कर चुका है। घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आरोपित मौके से फरार हो गया। लोगों ने सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और परिवार के लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। बहन ने कार्रवाई की मांग की है। अलीगंज इंस्पेक्टर ध्रुव कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है। राकेश की हालत खतरे से बाहर है।
