विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किस्त के बदले निकाल लिया खून, युवक से कराई बंधुआ मजदूरी, मां की शिकायत सुन DCP ने दिए कार्रवाई के निर्देश

Published: Mon, 14 Sep 2026 09:58 PM (IST)

लखनऊ में मोबाइल किस्त न चुकाने पर एक युवक को बंधक बनाकर मजदूरी कराई गई और जबरन खून निकाला गया। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. युवक को मोबाइल किस्त न चुकाने पर बंधक बनाया गया।

  2. लखनऊ के ब्लड बैंक में जबरन खून निकाला गया।

  3. डीसीपी दक्षिणी ने मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। मोबाइल की बकाया किस्त न चुका पाने पर युवक को गांव के किनारे से लाकर पांच दिन तक बंधक बनाकर मजदूरी कराई गई। पीड़ित युवक की मां का आरोप है कि आरोपित उसे सदर इलाके के एक मकान में रखकर काम कराते रहे।

इस दौरान लखनऊ के एक ब्लड बैंक ले जाकर जबरन खून निकलवाया गया। परिवारजन से पहले 2799 रुपये आनलाइन मंगवाने के बाद 12 हजार रुपये और मांगे गए। पुलिस पर कार्रवाई के बजाय डराने का आरोप लगाते हुए सोमवार को बुजुर्ग मां ने डीसीपी दक्षिणी से शिकायत की।

यह है पूरा मामला

राजारामखेड़ा पुरहिया गांव निवासी विधवा जदूराई के मुताबिक, उनके छोटे बेटे नेवल ने करीब एक वर्ष पहले निगोहां कस्बे की गीता मोबाइल शॉप से जीरो डाउन पेमेंट पर मोबाइल खरीदा था। एक माह बाद किस्त बकाया होने पर कुछ लोग घर पहुंचे और मोबाइल छीनकर ले गए।

आरोप है कि आठ सितंबर को दो लोग स्कूटी से गांव पहुंचे और नेवल को झांसा देकर अपने साथ ले गए। युवक ने परिवारजन को बताया कि उसे लखनऊ के एक ब्लड बैंक ले जाकर खून निकलवाया गया। इसके बाद सदर इलाके के मकान में बंधक बनाकर जबरन मजदूरी कराई गई।

किस्त के 2799 रुपये आनलाइन मंगा लिए

जदूराई के मुताबिक, नेवल को बंधक बनाने के बाद आरोपितों ने उसके बड़े बेटे राजकुमार को फोन कर किस्त के 2799 रुपये आनलाइन मंगा लिए। इसके बावजूद युवक को नहीं छोड़ा गया और 12 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग रखी गई। परिवारजन ने निगोहां थाने में लिखित शिकायत दी।

आरोप है कि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद पांचवें दिन नेवल को रैपिड कैब से थाने भेजा गया, जिसका किराया भी भाई से भरवाया गया। थाने पहुंचने पर युवक बदहवास हालत में था।

मां का आरोप है कि कार्रवाई की मांग करने पर पुलिस ने नेवल को भी फंसा देने की धमकी दी और उसे घर भेज दिया। इस मामले में डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक ने बताया कि पीड़िता की शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें- मऊ में सीएम आवास योजना के 273 लाभार्थियों ने शुरू कराया कार्य, खाते में भेजा गया पहली किस्त का पैसा