लखनऊ में दो लाख की सुपारी से करोड़ों की संपत्ति पर कब्जे की साजिश, मदरसा प्रबंधक समेत चार गिरफ्तार
मदरसा संचालक इरफान अहमद रिजवी की हत्या की साजिश करोड़ों की संपत्ति पर कब्जे के इरादे से रची गई थी। पुलिस ने इस मामले में मदरसा प्रबंधक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो शूटर पहले ही पकड़े जा चुके हैं।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। जागरण
HighLights
मदरसा संचालक इरफान की हत्या की साजिश संपत्ति के लिए।
दो लाख रुपये में शूटरों को दी गई थी सुपारी।
पुलिस ने मदरसा प्रबंधक सहित चार आरोपियों को दबोचा।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। फरीदीपुर के मदरसा संचालक इरफान अहमद रिजवी की हत्या की साजिश के पीछे करोड़ों रुपये की संपत्ति पर कब्जे की मंशा थी। मदरसा प्रबंधक मो. बिलाल हाशमी और अधिवक्ता साले-बहनोई मो. सोहैल अहमद सिद्दीकी व फरहान सिद्दीकी ने मिलकर इरफान को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
इसके लिए दो लाख रुपये में शूटरों को सुपारी दी गई। शुक्रवार को पुलिस ने साजिश के मास्टरमाइंड अमन कुरैशी समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले दो शूटरों को जेल भेजा गया था।
हजरतगंज के रिवेरा अपार्टमेंट निवासी इरफान अहमद रिजवी का मकबूल नगर फरीदीपुर में जामिया अलनूर अल सलामिया मदरसा है। यहां 80 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। इरफान की पत्नी के निधन बाद छह बेटियों की शादी हो चुकी है। परिवार में कोई सदस्य नहीं होने की जानकारी आरोपितों को थी।
इसी को आधार बनाकर मदरसे और उनकी अन्य संपत्तियों पर कब्जे की योजना तैयार की गई। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) हजरतगंज रजनीश वर्मा के मुताबिक, मदरसे का प्रबंधक बिलाल हाशमी प्रापर्टी डीलिंग का काम भी करता है और संस्थान से जुड़ी सभी जानकारी रखता था। इसी दौरान उसकी अधिवक्ता सोहैल और फरहान से नजदीकी हुई। तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और अमन कुरैशी के जरिए शूटरों तक पहुंचे।
अमन ने दो लाख रुपये में सआदतगंज निवासी मो. शाहिद और चौक निवासी मो. जमीर को हत्या के लिए तैयार किया। दोनों ने इरफान की पहचान के लिए उनकी फोटो हासिल की और 18 अगस्त को रिवेरा अपार्टमेंट के नजदीक इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन से बाइक चोरी कर रेकी करने पहुंचे थे। अपार्टमेंट में बाइक फिसल गई। गार्डों ने संदिग्ध लगने पर पुलिस को जानकारी दी तो तलाशी लेने पर एक पिस्टल और चेंबर में लोड पांच कारतूस मिले।
पूछताछ में दोनों ने हत्या की पूरी योजना की जानकारी पुलिस को दी। इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार तड़के पुलिस ने सआदतगंज निवासी अमन कुरैशी को लक्ष्मण मेला पार्क के पास से गिरफ्तार किया। ठाकुरगंज निवासी मो. बिलाल हाशमी, चौक निवासी सोहैल अहमद सिद्दीकी और चौक निवासी फरहान सिद्दीकी को बैकुंठ धाम रोड स्थित मंदिर के पास से पकड़ा गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अमन ने ही शूटरों को साजिश में शामिल कराया था। आरोपितों ने शूटरों को अलग की-पैड मोबाइल और सिम उपलब्ध कराए थे। निर्देश था कि वारदात के बाद इनका इस्तेमाल बंद कर दिया जाए।
फोटो से कराई गई थी पहचान
इंस्पेक्टर ने बताया कि सोहैल ने अपने मोबाइल में इरफान की फोटो दिखाई और शूटरों को उनकी पहचान कराई थी। अमन को भी मोबाइल पर सीधे बातचीत नहीं करने की हिदायत दी गई थी। योजना के मुताबिक पहले रेकी, फिर मौका देखकर हत्या और उसके बाद संपर्क में इस्तेमाल किए गए मोबाइल व सिम को खत्म करना था।
यह भी पढ़ें- यूपी में उप्र में सामान्य वर्ग के 73 जेई की बर्खास्तगी रद, HC ने कहा- अफसरों की गलती नहीं भुगतेंगे कर्मचारी
पुलिस के अनुसार आरोपितों की भूमिका
- अमन कुरैशी: शूटरों की व्यवस्था की और हथियार व बाइक उपलब्ध कराने में भूमिका निभाई।
- मो. सोहैल अहमद सिद्दीकी: इरफान की फोटो उपलब्ध कराने और साजिश में शामिल होने का आरोप।
- मो. फरहान सिद्दीकी: सोहैल के साथ हत्या की योजना में शामिल होने का आरोप।
- मो. बिलाल हाशमी: मदरसा प्रबंधक होने के साथ संपत्ति से जुड़ी जानकारी रखता था और साजिश में शामिल बताया गया है।
- मो. शाहिद व मो. जमीर: दो लाख रुपये की सुपारी पर हत्या के लिए तैयार हुए और रेकी के दौरान पिस्टल व कारतूस के साथ पकड़े गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।