विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोहिया संस्थान के शहीद पथ परिसर में बनेगा 350 बेड का आधुनिक 'लेवल-1' ट्रामा सेंटर, सीएम योगी ने की घोषणा

Published: Mon, 14 Sep 2026 05:25 AM (IST)

लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के शहीद पथ परिसर में 350 बेड के आधुनिक लेवल-एक ट्रामा सेंटर को शासन से मंजूरी मिल ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. 350 बेड का लेवल-एक ट्रामा सेंटर लोहिया संस्थान में बनेगा।

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परियोजना को मंजूरी दी, जल्द निर्माण शुरू होगा।

  3. गंभीर घायलों को लखनऊ और पूर्वी यूपी में मिलेगा बेहतर उपचार।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। सड़क हादसों और अन्य गंभीर आपात स्थितियों में घायल मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के शहीद पथ परिसर में 350 बेड के आधुनिक लेवल-एक ट्रामा सेंटर बनने का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने परियोजना को मंजूरी दे दी है।

ट्रामा सेंटर के लिए शहीद पथ किनारे करीब 16 हजार वर्गमीटर भूमि उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को संस्थान के छठे स्थापना दिवस पर इसकी घोषणा की। उन्होंने ट्रामा सेंटर के निर्माण प्रक्रिया जल्द शुरू करने का निर्देश भी दिया। सीएम ने इस दौरान संस्थान में सेंटर फार ट्रांसप्लांट, एडवांस कैथ लैब और 45 बेड की नई इमरजेंसी यूनिट का शुभारंभ भी किया।

सीएम योगी ने कहा कि नया ट्रामा सेंटर लखनऊ और आसपास के जिलों समेत पूर्वी यूपी से आने वाले गंभीर घायलों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। शहीद पथ और इससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर लगातार बढ़ते यातायात के बीच सड़क दुर्घटनाओं के गंभीर मामलों में तत्काल इलाज की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

लेवल-एक ट्रामा सेंटर का उद्देश्य ऐसे मरीजों को तत्काल विशेषज्ञ इलाज उपलब्ध कराना है, जिनकी स्थिति दुर्घटना के बाद बेहद गंभीर होती है और जिन्हें इलाज में थोड़ी भी देरी जानलेवा साबित हो सकती है। सिर में गंभीर चोट, रीढ़ की हड्डी की चोट, छाती और पेट में गंभीर चोट तथा कई अंगों में चोट वाले रोगियों के उपचार की समन्वित व्यवस्था महत्वपूर्ण होती है।

मौजूदा समय में प्रदेश में सिर्फ केजीएमयू का ट्रामा सेंटर ही लेवल-एक है, जहां बेड की तुलना में करीब दो गुना मरीजों का दबाव है। कई बार बेड के अभाव में मरीज को दूसरे अस्पताल रेफर करना पड़ता है। इस प्रक्रिया में समय लगने से गंभीर रोगियों की स्थिति और बिगड़ जाती है। लोहिया संस्थान का 350 बेड की क्षमता वाला यह केंद्र राज्य का दूसरा लेवल-एक ट्रामा सेंटर होगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लोहिया संस्थान केवल चिकित्सा सेवाओं का केंद्र नहीं, बल्कि लोहिया के विचारों और उनकी विरासत का प्रतीक है। डा. राम मनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण जैसे महान नेताओं ने हमेशा परिवारवाद का कड़ा विरोध किया था।

डॉ. लोहिया का स्पष्ट मानना था कि जो परिवार से सटेगा, वह समाज से कटेगा, लेकिन आज की सपा केवल अपने परिवार को सत्ता दिलाने की राजनीति करती है। लोहिया संस्थान के निदेशक प्रो. सीएम सिंह ने कहा, दुर्घटनाओं के अलावा अन्य आपात स्थितियों में भी ट्रामा सेवाओं की जरूरत पड़ती है। प्रस्तावित सेंटर में गंभीर मरीजों के लिए इमरजेंसी, माड्युलर आपरेशन थिएटर, आइसीयू और आवश्यक जांच सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं होंगी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर पेट्रोल पंप व ईवी चार्जिंग स्टेशन खोलने की तैयारी, बढ़ाई जा रही सुविधा