लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर पेट्रोल पंप व ईवी चार्जिंग स्टेशन खोलने की तैयारी, बढ़ाई जा रही सुविधा
Lucknow-Kanpur Expressway:

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे (एनई छह)
HighLights
रेस्तरां पर तीन तीन चार्जिंग प्वाइंट किलोमीटर संख्या 51 पर बनेंगे
राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित पेट्रोल पंपों पर चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ेगी
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे (एनई छह) पर यात्रियों की सुविधा के लिए जनवरी 2027 तक पेट्रोल पंप व ईवी चार्जिंग स्टेशन की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 27) पर कुछ स्थानों पर है, वहां ईवी चार्जिंग की क्षमता व संख्या बढ़ाने पर काम किया जाएगा।
एक्सप्रेसवे पर रेस्तरां की सुविधा तो लखनऊ से जाते वक्त किलोमीटर संख्या 51 पर शुरू कर दी गई है। यहां पर शुरुआती चरण में तीन-तीन ईवी चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसमें साठ से 120 किलोवाट की क्षमता वाले ईवी प्वाइंट होंगे। इस सुविधा से यात्री जब तक चाय-पानी रेस्तरां में करेगा, उतने समय में इलेक्ट्रिक वाहन अधिकांश चार्ज हो जाएगा।
यह सुविधा पहले चरण में लखनऊ से कानपुर जाते वक्त शुरू होगी और उसके कुछ माह बाद कानपुर से लखनऊ आते वक्त किलोमीटर संख्या 51 पर शुरू की जाएगी। दोनों लेन पर रेस्ट एरिया जहां बनाए गए हैं, वह छह-छह हेक्टेअर क्षेत्रफल में फैले हैं। यहां भविष्य में ईवी चार्जिंग प्वांइट का विस्तार भी किया जा सकेगा। यही नहीं पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था भी है।
ईवी चार्जिंग स्टेशन पर अलग-अलग कंपनियों के बिजली यूनिट रेट है, एक्सप्रेसवे व राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रयास होगा कि नौ से 21 रुपये प्रति यूनिट के बीच में ही दरें रहे। इसके अलावा लखनऊ से कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित हो रहे पेट्रोल पंपों पर जो ईवी चार्जिंग स्टेशन लग गए हैं, उन्हें शुरू करने पर जोर दिया जाएगा।
उनकी प्रकिया को आगे बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) की टीम काम करेगी। एक्सप्रेसवे व राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिजली की कनेक्टिविटी को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पावर कारपोरेशन अपनी मानीटरिंग का दायरा बढ़ाएगा।
चरणबद्ध तरीके से होगा रेस्तरां का विस्तार
रेस्तरां का विस्तार भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। वर्तमान में यहां पचास से साठ लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। यह रेस्तरां चौबीसों घंटे चलेगा। भविष्य में इसका विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाले शाखा नेशनल हाईवे लाजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएम) एक्सप्रेववे के दोनों तरफ रेस्तरां की सुविधा उपलब्ध करवा रहा है। कानपुर से लखनऊ आते वक्त एक्सप्रेसवे पर रेस्तरां के लिए जमीन तो बैरिकेडिंग करके छोड़ दी गई है लेकिन अभी कोई काम मौके पर शुरू नहीं हुआ है। एनएचएलएम के अधिकारियों ने यहां भी जल्द काम शुरू करने का दावा किया जा रहा है।
एक हजार नये ईवी स्टेशन शीघ्र
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने बताया कि यूपी में एक हजार ईवी चार्जिंग स्टेशन और लगाए जाएंगे। लखनऊ कानपुर एक्सप्रेसवे हो या राष्ट्रीय राजमार्ग, जरूरत के हिसाब से ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने का काम जल्द शुरू होगा। उद्देश्य है कि इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्जिंग में सफर के दौरान समस्या न आए।
