लखनऊ में घर बसाने का एक और मौका: वरुण विहार-नैमिष नगर में दूसरे चरण का पंजीकरण जल्द, दीपावली से पहले लॉटरी
लखनऊ विकास प्राधिकरण की वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजनाओं के पहले चरण का पंजीकरण पूरा हो गया है।
-1793188810333_m.webp)
प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
वरुण विहार, नैमिष नगर आवासीय योजनाओं का पहला चरण पंजीकरण पूरा।
नवंबर के अंत तक दूसरे चरण का पंजीकरण होगा शुरू।
पहले चरण के आवेदनों की लॉटरी 4 और 5 नवंबर को।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। आगरा एक्सप्रेसवे की वरुण विहार योजना व सीतापुर रोड स्थित नैमिष नगर आवासीय योजना में भूखंड पाने के लिए पहले चरण का आवेदन मंगलवार को पूरा हो गया है।
मंगलवार शाम छह बजे तक वरुण विहार में आठ गुणा और नैमिष नगर के भूखंडों के सापेक्ष सात गुणा से अधिक आवेदन हो चुके हैं, जबकि आवेदन रात 12 बजे तक होंगे। एलडीए दोनों योजनाओं के नए भूखंडों का नवंबर माह के अंत तक दूसरे चरण का पंजीकरण शुरू कराएगा।
तीन दिन के लिए बढ़ाई गई थी बुकिंग
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत लखनऊ विकास प्राधिकरण 24 सितंबर से वरुण विहार व नैमिष नगर योजना में भूखंड पाने के लिए पंजीकरण रहा है। 24 अक्टूबर को दोनों योजनाओं के 4520 भूखंडों की बुकिंग पूरी होनी थी। लेकिन, उसे तीन दिन के लिए बढ़ा दिया गया था।
ज्ञात हो कि वरुण विहार योजना 6580 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है। इसमें काशी और कैलाश खंड में 2847 भूखंडों की बुकिंग कराई गई। ऐसे ही सीतापुर रोड स्थित 3600 एकड़ क्षेत्र की नैमिष नगर योजना में 1673 सहित 4520 भूखंडों का पंजीयन खोला गया था।
दोनों योजनाओं में विभिन्न आय वर्गों का ध्यान रखा गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया, दोनों आवासीय योजनाओं में दूसरे चरण के भूखंडों का पंजीकरण शुरू शुरू कराने की तैयारी है। रेरा में पंजीकरण पूरा होने की राह देख रहे हैं।
इस तरह हो रहे आवेदन
| क्र. | योजना | विजिटर्स की संख्या | बुकलेट खरीदी | पंजीकरण पूरा |
| 1 | वरुण विहार | 45,442 | 30,781 | 24,114 |
| 2 | नैमिष नगर | 26,810 | 17,592 | 12,569 |
चार व पांच नवंबर को होगी लॉटरी
एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया, वरुण विहार व नैमिष नगर के लिए पहले चरण के लिए हुए आवेदनों की लॉटरी चार व पांच नवंबर को कराई जाएगी। इसमें असफल होने वाले दूसरे चरण के लिए बिना बुकलेट खरीदे और पंजीकरण शुल्क जमा किए आवेदन कर सकेंगे।
अदिति अपार्टमेंट के लिए 92 पंजीकरण
एलडीए ने अदिति अपार्टमेंट के लिए भी आवेदन मांगा है। इसके लिए 2461 विजिटर्स ने इसे देखा है, 536 बुकलेट खरीदी जा चुकी हैं, जबकि 92 अब तक पंजीकरण करा चुके हैं। इसी योजना में प्रधानमंत्री आवास के लिए 20 हजार से अधिक विजिटर्स ने इसे देखा, 2371 पंजीकरण हो चुके हैं। वागेश्वरी अपार्टमेंट के लिए 674 विजिटर्स ने देखा, 128 ने बुकलेट खरीदा है।
