लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे फिर सवालों के घेरे में, ढाई मीटर स्पैन का होगा नॉन डिस्ट्रेक्टिंव टेस्ट, PNC को नोटिस
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर एलिवेटेड रोड के स्लैब का मलबा गिरने से कानपुर से लखनऊ की लेन बंद कर दी गई है।

HighLights
एलिवेटेड रोड के स्लैब का मलबा गिरने से लेन बंद।
एनएचएआई ने निर्माण एजेंसी पीएनसी को नोटिस जारी की।
स्लैब की मजबूती जांचने के लिए होगा नॉन डिस्ट्रेक्टिव टेस्ट।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण फिर सवालों के घेरे में गया है। एलिवेटेड रोड के स्लैब का मलबा गिरने से वाहनों का संचालन कानपुर से लखनऊ की लेन पर बंद कर दिया गया है। एक्सप्रेसवे के ग्रीन फील्ड व एलिवेटेड रोड पर सड़क धंसने, दरारें पड़ने और मिट्टी धंसने का सिलसिला 26 जुलाई से चल रहा था।
13 सितंबर की रात 11.40 बजे बंथरा के आजाद गेस्ट हाउस व किलोमीटर संख्या 19.500 के पास एलिवेटेड रोड से स्लैब का मलबा गिर गया। स्लैब की सरिया पूरी तरह से दिख रही हैं और छोटे-छोटे छिद्र भी देखे जा सकते हैं।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने मरम्मत होने तक कानपुर से लखनऊ की लेन पर यातायात पूरी तरह से रविवार रात से अगले आदेशों तक बंद कर दिया है।
एनएचएआई ने निर्माण एजेंसी पीएनसी को नोटिस दी है और एलिवेटेड रोड के संबंधित स्पैन का नॉन डिस्ट्रेक्टिव टेस्ट करा रहा है, मजबूती देखने के साथ ही स्लैब में प्रयोग की गई गुणवत्ता भी देखी जाएगी। फिलहाल एक्सप्रेसवे कितना सुरक्षित है, इसका अंदाजा पिछले कई माह से हो रही घटनाओं से लगाया जा सकता है।
सोमवार सुबह चार बजे के आसपास लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 27) पर फैले मलबे को हटवाकर नीचे से वाहनों का संचालन भी सामान्य करवा दिया। उधर सात अगस्त को आईआईटी खडगपुर के प्रोफेसर केएस रेड्डी जांच करके नमूने ले गए थे, इसकी विस्तृत रिपोर्ट अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
प्रारंभिक जांच में वाइब्रेटर से कंक्रीट को बैठाया नहीं गया
एलिवेटेड रोड की ढलाई करते वक्त कार्यदायी संस्था ने सरिया उठाकर सीमेंटेड कवर ब्लाक न के बराबर रखे गए। यही नहीं क्रंकीट की ढलाई करने के दौरान वाइब्रेटर तुरंत चलना चाहिए, वह नहीं किया गया। इससे कंक्रीट सही से बैठ नहीं सका। वहीं सीमेंट की गुणवत्ता में खामी है या मात्रा कम, यह स्पैन की मजबूती का परीक्षण होने के बाद ही पता चलेगा।
पीएनसी को फिर मिली नोटिस
एनएचएआई ने एलीवेटेड रोड की स्लैब से मलबा गिरने के मामले में कड़ रुख अख्तियार किया है। प्राधिकरण ने नोटिस देकर स्लैब का मलबा कैसे गिरा, उसका जवाब मांगा है। इसके अलावा मलबे की मरम्मत और 18 किलोमीटर एलिवेटेड रोड पर किसी तरह की खामी नहीं है, उसको लेकर जवाब भी मांगा है।
बंथरा के आजाद गेस्ट हाउस के पास स्लैब का कंक्रीट रविवार रात गिरा था। यह करीब दो से ढाई मीटर चौड़ा है। इसकी मरम्मत करवाई जा रही है। यह क्यों गिरा, इसकी जांच करवाई जा रही है। सूचना मिलते ही कानपुर से लखनऊ आने वाली लेन पर वाहनों का संचालन बंद करवा दिया गया है। पीएनसी को नोटिस देकर जवाब भी मांगा गया है।
-नवरत्न, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
यह भी पढ़ें- Toll प्लाजा पर फर्जीवाड़ा, बिना FASTag वाली गाड़ियों से अवैध एप से टोल वसूली
यह भी पढ़ें- करोड़ों की लागत से बनी वाराणसी की एनएचएआई सड़कें पांच साल में ही बीमार, मरम्मत के टांके भी दे रहे जवाब
