Lucknow Jagran Samvadi 2026: अभिव्यक्ति का उत्सव 'संवादी' आज से, लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आइए और शख्सियतों से कीजिए संवाद
Lucknow Jagran Samvadi 2026: दैनिक जागरण के इस लोकप्रिय आयोजन में दोनों दिन देश की नामचीन हस्तियां अपनी रचनात्मक यात्रा, अनुभव और विचार साझा करेंगी। इसमें प्रवेश निश्शुल्क रहेगा।

अभिव्यक्ति का उत्सव संवादी 27 और 28 नवंबर को लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आयोजित किया जा रहा है
HighLights
सुबह 11:30 बजे से लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में शुरू होगा कार्यक्रम, प्रवेश निश्शुल्क
पत्रकारिता, रामकथा और राजनीति के साथ सिनेमा एवं साहित्य पर दो दिनों तक होगी चर्चा-परिचर्चा
जागरण संवाददाता, लखनऊ। साहित्य की संवेदना, सिनेमा की रचनात्मकता और सियासत के सवालों से जब विचारों का मंच सजेगा तो संवाद के नए आयाम भी सामने आएंगे। अभिव्यक्ति का उत्सव संवादी इसी उद्देश्य से 27 और 28 नवंबर को लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आयोजित किया जा रहा है।
दैनिक जागरण के इस लोकप्रिय आयोजन में दोनों दिन देश की नामचीन हस्तियां अपनी रचनात्मक यात्रा, अनुभव और विचार साझा करेंगी। इसमें प्रवेश निश्शुल्क रहेगा।
संवादी का मंच इस बार भी उन विषयों को आवाज देगा, जो हमारे समय, समाज और सोच से जुड़े हैं। यहां साहित्य और सिनेमा के रिश्तों पर चर्चा होगी तो राजनीति के सामने सवाल भी उठेंगे। पत्रकारिता की बदलती भूमिका, सोशल मीडिया की चुनौती, रामकथा के समकालीन संदर्भ और युवा लेखन की संभावनाएं भी विमर्श का हिस्सा बनेंगी।
27 नवंबर को सुबह 11:30 बजे से उद्घाटन सत्र में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. अरविंद मोहन और दैनिक जागरण के राज्य संपादक (उत्तर प्रदेश) आशुतोष शुक्ल के साथ दैनिक जागरण के फीचर संपादक अनंत विजय संवाद करेंगे।
दोपहर 12:30 बजे अभिनेता पीयूष मिश्रा के साथ पहले सत्र में साहित्य सिनेमा में कलाकार की 'औकात' विषय पर बातचीत करेंगे पटकथा लेखक मनोज राजन त्रिपाठी। दूसरे सत्र में दोपहर 1:30 बजे श्रीहनुमन्निवास अयोध्या के पीठाधीश्वर महांत मिथिलेशनंदिनीशरण और दैनिक जागरण के कार्यकारी संपादक विष्णु प्रकाश त्रिपाठी 'अयोध्या और राजधर्म' विषय पर संवाद करेंगे।
दोपहर 2:30 बजे से तीसरा सत्र 'साहित्य के नवांकुर' को समर्पित होगा। इसमें लेखिका अपरा कुच्छल और उपन्यासकार प्रशांत कश्यप से लेखिका उपासना सिंह नई पीढ़ी के लेखन और साहित्य की संभावनाओं पर चर्चा करेंगी। दोपहर 3:15 बजे से चौथा सत्र 'साहित्य, प्रकाशन और महिलाएं' पर केंद्रित होगा। इसमें पटकथा लेखिका और उपन्यासकार अनु सिंह व संपादक एवं लेखिका अमृता त्रिपाठी से संस्कृतिकर्मी लीपिका भूषण बातचीत करेंगी।
शाम चार बजे से पांचवां यानी विशेष सत्र होगा। इसके बाद छठे सत्र में शाम पांच से छह बजे तक 'ओटीटी और सिनेमा की राह' प्रशस्त होगी। इसमें अभिनेता राजेश कुमार और अभिनेता दिब्येन्दु भट्टाचार्य से दैनिक जागरण की स्मिता श्रीवास्तव सिनेमा के विविध पहलुओं पर बातचीत करेंगी। पहले दिन का समापन शाम छह बजे से होने वाली कवि गोष्ठी से होगा।
वरिष्ठ गीतकार बुद्धिनाथ मिश्र की अध्यक्षता में कवयित्री अनामिका अंबर, शायर अजहर इकबाल, कवि रामायणधर द्विवेदी, कवि सर्वेश तिवारी और कवि जगदीप अंचल अपनी रचनाओं से श्रोताओं को काव्य रस से सराबोर करेंगे।
दूसरे दिन युवा लेखन से राजनीति तक चर्चा
28 नवंबर को सुबह 11 बजे से पहले सत्र 'युवा लेखन के सपने' में जागरण बेस्टसेलर लेखक सत्या व्यास, मनोज राजन त्रिपाठी और उपन्यासकार भगवंत अनमोल के साथ दैनिक जागरण के अनुपम त्रिपाठी युवा लेखन की चुनौतियों और संभावनाओं पर बात करेंगे।
दोपहर 12 बजे से दूसरे सत्र 'पत्रकारिता और रीलबाजी' में वरिष्ठ पत्रकार चित्रा त्रिपाठी और दैनिक जागरण के उप राज्य संपादक मनीष तिवारी के साथ राजनीतिक विश्लेषक शहजाद पूनावाला संवाद करेंगे। इसमें बदलते मीडिया परिदृश्य, सोशल मीडिया और पत्रकारिता की विश्वसनीयता जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
दोपहर एक बजे से तीसरे सत्र 'साहित्य में रामकथा' में कवि एवं लेखक यतीन्द्र मिश्र और लेखक आनंद नीलकंठन के साथ दैनिक जागरण के राज्य संपादक (उत्तर प्रदेश) आशुतोष शुक्ल रामकथा के साहित्यिक और समकालीन संदर्भों पर बात करेंगे।
दोपहर दो बजे से चौथे सत्र में अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी के साथ 'मिशन मनोरंजन' पर बातें करेंगी दैनिक जागरण की स्मिता श्रीवास्तव। दोपहर तीन बजे से पांचवां सत्र 'राजनीति का उत्तम प्रदेश' शुरू होगा। इसमें भाजपा के प्रवक्ता मनीष शुक्ला, कांग्रेस के प्रवक्ता अभय कुमार दुबे, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता दीपक रंजन और एआइएमआइएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली शामिल होंगे। इनके साथ दैनिक जागरण के उप राजनीतिक संपादक अजय जायसवाल प्रदेश की राजनीति, विकास और भविष्य की चुनौतियों पर संवाद करेंगे।
शाम चार बजे से छठे सत्र 'इतिहास का लाल रंग' में इतिहासकार अरविंद सिंह व इतिहासकार शान कश्यप के साथ दैनिक जागरण के वरिष्ठ समाचार संपादक डॉ. भारतीय बसंत कुमार चर्चा करेंगे। शाम पांच बजे से सातवें एवं अंतिम सत्र में अभिनेता विनीत कुमार सिंह 'विविधरंगी अभिनेता' से लोगों को परिचित कराएंगे। उनके साथ संवाद करेंगे दैनिक जागरण के प्रशांत कश्यप।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।