विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीन से पाउडर मंगाकर लखनऊ में बना रहे थे अवैध इंजेक्शन, STF व FSDA ने पकड़ी 2 करोड़ की ऑक्सीटोसिन

Published: Tue, 24 Nov 2026 09:40 PM (IST)Updated: Tue, 24 Nov 2026 09:43 PM (IST)

लखनऊ में एसटीएफ और एफएसडीए ने दुबग्गा में एक अवैध ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जहां से 2.05 करोड़ रुपये का ऑक्सीटोसिन और निर्माण सामग्री बरामद हुई। 

पुलिस की गिरफ्त में आक्सीटोसिन की अवैध फैक्ट्री चलाने के आरोपित। सौ. एसटीएफ

पुलिस की गिरफ्त में आक्सीटोसिन की अवैध फैक्ट्री चलाने के आरोपित। सौ. एसटीएफ

HighLights

  1. दुबग्गा में अवैध ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री का भंडाफोड़।

  2. 2.05 करोड़ रुपये का ऑक्सीटोसिन बरामद, दो भाई गिरफ्तार।

  3. चीन से पाउडर मंगाकर अवैध इंजेक्शन बनाते थे।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की संयुक्त टीम ने सोमवार रात दुबग्गा के मौहारी जेहटा गांव में छापा मारकर आक्सीटोसिन की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। मौके से करीब 2.05 करोड़ रुपये का आक्सीटोसिन और निर्माण सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने फैक्ट्री चला रहे दो सगे भाई गिरफ्तार हुए। दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं।

एसटीएफ के मुताबिक, सोमवार रात टीम ने औषधि विभाग और स्थानीय पुलिस के साथ मौहारी जेहटा में एक मकान पर दबिश दी। पीछे खड़े पिकअप वाहन में दो युवक बोरियां लाद रहे थे। उन्हें पकड़ लिया गया। मकान के अंदर आक्सीटोसिन बनाने और पैकिंग का पूरा सेटअप मिला।

छापेमारी में आक्सीटोसिन से भरी 37 सौ बोतलें, एक लाख 77 हजार 800 एम्प्यूल, 35 लीटर लिक्विड और संदिग्ध पाउडर बरामद हुआ। आठ हजार खाली बोतल, 52 हजार एल्युमिनियम ढक्कन, पांच हजार रबर कैप, 12 कैन फिनायल, 36 किलो नमक और पैकिंग मशीनें मिलीं। पकड़े गए युवकों की पहचान दिलदार अली निवासी महिमाखेड़ा रहीमाबाद और इरफान निवासी कैटल कालोनी ठाकुरगंज के रूप में हुई। दोनों सगे भाई हैं।

पूछताछ में पता चला कि दोनों चीन से बिहार के तस्करों के जरिये हाई डेंसिटी आक्सीटोसिन पाउडर मंगाते थे। इसमें नमक, फिनायल, पानी और अन्य केमिकल मिलाकर इंजेक्शन तैयार करते थे। इसके बाद प्लास्टिक की बोतलों और एम्प्यूल में पैक कर लखनऊ समेत आसपास के जिलों में आपूर्ति करते थे। तैयार इंजेक्शन पशुपालकों और सब्जी कारोबारियों तक पहुंचाए जाते थे।

इरफान के खिलाफ पारा, काकोरी और ठाकुरगंज थाने में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। दोनों जेल गए थे। जमानत पर छूटने के बाद आरोपितों ने आक्सीटोसिन की अवैध फैक्ट्री शुरू की थी। इस मामले में दुबग्गा थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। औषधि विभाग ने नौ नमूने जांच के लिए भेजे हैं। पुलिस चीन से पाउडर मंगाने वाले नेटवर्क और बिहार के तस्करों का पता लगा रही है।

पशुओं का दूध निकालने में होता था इस्तेमाल

आरोपियों ने बताया कि आक्सीटोसिन की आपूर्ति पशुपालकों और सब्जी-फल कारोबारियों को की जाती थी। इसका इस्तेमाल पशुओं का दूध निकालने और सब्जियों व फलों की वृद्धि के लिए किया जाता था। औषधि नियमावली के तहत आक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री केवल सिंगल यूनिट ब्लिस्टर पैक में हो सकता है। प्लास्टिक की बोतलों और एम्प्यूल में इसका अवैध निर्माण और बिक्री प्रतिबंधित है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।