लखनऊ कोर्ट के पास अवैध चैंबरों पर चला नगर निगम का बुलडोजर, विरोध में सड़क पर बैठे वकील
लखनऊ में कैसरबाग स्थित रेजीडेंसी के पास अधिवक्ताओं के अवैध चैंबरों पर नगर निगम ने बुलडोजर चलाया। हाईकोर्ट के निर्देश ...और पढ़ें

HighLights
कैसरबाग में अधिवक्ताओं के अवैध चैंबरों पर कार्रवाई।
नगर निगम ने बुलडोजर से अतिक्रमण हटाया, पुलिस बल तैनात।
हाईकोर्ट के निर्देश पर पहले भी हुई थी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। कैसरबाग में रेजीडेंसी के पास अधिवक्ताओं की ओर से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए रविवार को नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। मौके पर अवैध चैंबरों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के विरोध में कुछ अधिवक्ता सड़क पर बैठ गए हैं। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
नगर निगम की टीम चिह्नित अतिक्रमणों को हटाने में जुटी है। जिला न्यायालय और आसपास के क्षेत्रों में सड़क, फुटपाथ और नालों पर अतिक्रमण कर बनाए गए चैंबरों और दुकानों को हटाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।

मई और अगस्त में भी हुई थी कार्रवाई
अधिवक्ताओं के अवैध चैंबरों के खिलाफ इससे पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। 17 मई को नगर निगम ने हाई कोर्ट के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया था। उस दौरान चिह्नित 72 अतिक्रमणों में से 14 को हटाया जा सका था। हंगामे के कारण अभियान रोकना पड़ा था।

इसके बाद 30 अगस्त को नगर निगम की टीम ने दोबारा कार्रवाई करते हुए चैंबरों और दुकानों को ध्वस्त किया था। इस दौरान बड़ी संख्या में अवैध निर्माण हटाए गए थे। नगर निगम ने कार्रवाई के बाद इसकी रिपोर्ट हाईकोर्ट में भी प्रस्तुत की थी।
हाईकोर्ट ने पांच सप्ताह में कार्रवाई पूरी करने के दिए निर्देश
अधिवक्ताओं के चैंबरों और अन्य निर्माणों से जुड़े मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने 10 सितंबर को शेष अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। कोर्ट ने प्रशासन को पांच सप्ताह के भीतर कार्रवाई पूरी करने का प्रयास करने को कहा था। इससे पहले कोर्ट ने संबंधित कब्जेदारों को अपने निर्माण के वैध होने के दस्तावेज प्रस्तुत करने या स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया था।
