विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में 75 जिलों के स्वाद का होगा संगम, 4 और 5 नवंबर को लगेगी 'एक जिला-एक व्यंजन' की भव्य प्रदर्शनी

Published: Tue, 03 Nov 2026 05:46 PM (IST)

लखनऊ में 4 और 5 नवंबर को 'एक जिला-एक व्यंजन' प्रदर्शनी आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के सभी 75 जिलों के पारंपरिक पकवानों की 125 दुकानें लगेंगी।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. लखनऊ में 4-5 नवंबर को 'एक जिला-एक व्यंजन' प्रदर्शनी।

  2. प्रदेश के 75 जिलों के 125 पारंपरिक व्यंजन एक साथ।

  3. स्थानीय कारीगरों, पाक विशेषज्ञों को मिलेगा नया मंच।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। आतिथ्य के लिए प्रसिद्ध लखनऊ अब प्रदेश के 75 जिलों के स्वाद का साक्षी बनेगा। दैनिक जागरण एवं सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्यम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चार और पांच नवंबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 'एक जिला-एक व्यंजन' (ओडीओसी) की भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के पारंपरिक व्यंजनों की 125 दुकानें एक ही स्थान पर सजेंगी।

यह आयोजन न केवल जायके के शौकीनों के लिए खास होगा, बल्कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और खान-पान की विरासत को करीब से जानने का अवसर भी देगा। आयोजन का शुभारंभ बुधवार को दोपहर एक बजे होगा।

81837920

प्रदेश के व्यंजन अपने स्वाद और विशिष्टता के लिए जाने जाते हैं। इन विशिष्टताओं को 'ब्रज की मिठास', 'अवध का जायका', 'रूहेली रसधार', 'बुंदेली बहार', 'पश्चिमी परिमल' संग 'पुरबिया स्वाद' जैसे मंडलों में दर्शाया जाएगा। अवध का जायका में लखनऊ की मक्खन मलाई, आलू की टिकिया, मटर की चाट, रेवड़ी व आम के उत्पाद प्रदर्शित होंगे, जाे यहां की खान-पान संस्कृति को खास बनाते हैं।

चाट में खट्टे-मीठे स्वाद का मेल, मसालों की खुशबू और मक्खन मलाई में मेवों का इस्तेमाल शहर की समृद्ध पाक परंपरा को दर्शाता है। यह परंपरा भी ओडीओसी प्रदर्शनी में दिखेगी। बाराबंकी की चंद्रकला, गोंडा का दही-बड़ा, रामपुर का हब्शी हलवा और बुंदेलखंड का सन्नाटा जैसे विशिष्ट व्यंजन आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।

कानपुर का समोसा, औरैया की बालूशाही, कन्नौज की गट्टा मिठाई, सीतापुर का पेड़ा, उन्नाव का काला जामुन, हापुड़ का पापड़ और बागपत का घेवर तैयार करने की विधियां देखने और जानने को मिलेंगी। इनके साथ ही सभी जिलों के व्यंजनों का जायका लेने का अवसर भी मिलेगा। स्थानीय कारीगरों और पाक विशेषज्ञों के हुनर को पहचान दिलाने वाला यह अपने आप में अनूठा आयोजन होगा।

81837921

स्थानीय उत्पादों को भी मिलेगा नया मंच

आयोजन का उद्देश्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी एक जिला-एक व्यंजन योजना को प्रोत्साहित करना और स्थानीय कारीगरों, पाक विशेषज्ञों तथा छोटे उद्यमियों को व्यापक पहचान दिलाना है। व्यंजनों के साथ प्रदेश के सभी जिलों के प्रमुख उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इससे एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बाजार तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।

प्रदेश के विभिन्न जिलों की खाद्य परंपराओं, स्थानीय हुनर और स्वदेशी उत्पादों का यह संगम लखनऊ की सांस्कृतिक समृद्धि को भी प्रदर्शित करेगा। स्वाद, परंपरा और उद्यमिता को एक मंच पर जोड़ने वाला यह आयोजन प्रदेश की विविधता को एक नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगा।

इन जिलों के जायके होंगे प्रदर्शित

जिला प्रसिद्ध खाद्य पदार्थ / व्यजंन
आगरा पेठा, नमकीन (दालमोठ), गजक, पराठा
फिरोजाबाद आलू उत्पाद, आलू टिक्की, कचौड़ी
मैनपुरी सोहन पापड़ी, भुना हुआ आलू
मथुरा पेड़ा, छप्पन भोग, माखन मिश्री, तरौली की रबड़ी
अलीगढ़ डेयरी उत्पाद, कचौड़ी, इगलास की चमचम
हाथरस रबड़ी
कासगंज मूंग का दलमा, कलाकंद, सोनपपड़ी, सोरों की मोठ चाट
एटा चिकोरी, घेवर, पूड़ी
अयोध्या कचौरी, टिकिया, पेड़ा, कुल्हड़ वाली दही जलेबी
सुलतानपुर पेड़ा, समोसा, कराहा की पूड़ी और कोहड़े की सब्जी
बाराबंकी लाल पेड़ा, चंद्रकला मिठाई
अमेठी समोसा, गुड़ की खीर, गुलगुला, बड़ी वाली पूड़ी
अंबेडकर नगर बालूशाही, चाट, खजला, लाल गन्ने की गोटी
आजमगढ़ तहरी (मूंग दाल की), सफेद गाजर हलवा, लौंगलता
बलिया सत्तू आधारित उत्पाद, बाटी-चोखा
मऊ लिट्टी-चोखा, गोंठा की भेली
बरेली सेवइयां, बर्फी, छोले-भटूरे, चाट
बदायूं खोया आधारित मिठाई (पेड़ा), लौज
पीलीभीत जलेबी, खोया मिठाई, लस्सी, लौज
शाहजहांपुर लौंग, बर्फी, गुड़, समोसे, खुरचन
बस्ती ठेकुआ, पूड़ी-सब्जी, सिरका, गुड़
संत कबीर नगर खोया आधारित मिठाई, समोसा, पेड़ा
सिद्धार्थनगर खोया आधारित मिठाई (राम-कचौरी, मखाना, कालानमक चावल, राम कटोरी)
बांदा सोहन हलवा, बालूशाही
चित्रकूट मावा
हमीरपुर बुंदेली व्यंजन (दाल मारे, डुबरी फरा, महुआ बर्फी, मेड, सन्नाटा)
महोबा दाल बाफला, तिलकुट, देसावरी पान, खजूर का गुड़
गोंडा इटियाथोक का दही बड़ा व कचौड़ी
बहराइच चमचम
बलरामपुर नारियल बर्फी, कलाकंद, घमंजा, चाट
श्रावस्ती इमरती
गोरखपुर लिट्टी-चोखा, लहसुन वाले छोले समोसे, बर्फी
महाराजगंज लिट्टी-चोखा, खोया आधारित मिठाई (राम-कचौरी), गुड़, मीठा समोसा
देवरिया मालपुआ, लिट्टी-चोखा, दही-चूड़ा, गुड़ की जलेबी
कुशीनगर केला चिप्स, पेड़ा, लाल खोरमा
झांसी दाल बाफला, बालूशाही
जालौन रसगुल्ले, गुझिया
ललितपुर दूध हलवा, बाजरे की रोटी
भदोही दाल पीठा, ठेकुआ, खोया पेड़ा, गुझिया, रबड़ी
सोनभद्र गुलाब जामुन
मुरादाबाद दाल
रामपुर हब्शी हलवा
अमरोहा आम पना, आम चटनी, सेव, लड्डू
संभल सेवइयां, गजक, सोनपापड़ी
बिजनौर गजक, सिंघाड़ा कचरी, सोनपापड़ी और बतीसा
प्रयागराज सब्जी-कचौरी, समोसा, रसगुल्ला
फतेहपुर बेदमी पूरी-सब्जी, पेड़ा, सूतफेनी
कौशांबी गुड़ से बनी मिठाई, चाट, बर्फी, मुंगौरा
प्रतापगढ़ आंवला आधारित उत्पाद, गुलाब जामुन
वाराणसी तिरंगा बर्फी, ठंडाई लस्सी, कचौरी, बनारसी पान, लौंग लता, मलइयो
जौनपुर इमरती, एटमबम मिठाई, जौनपुरी मूली
गाजीपुर मिर्च का अचार, मटर चाट, रसगुल्ला, जलेबी
चंदौली काले चावल के उत्पाद (खीर), गुलाब जामुन, लस्सी
सहारनपुर शहद आधारित उत्पाद, चाट, घेवर
मुजफ्फरनगर गुड़, चाट (टिक्की), पेड़ा
शामली गुड़ आधारित उत्पाद, चाट, पलंग तोड़ मिठाई
कानपुर समोसा, लड्डू, मलाई मक्खन (मलइयो)
कानपुर देहात खाद्य तेल, लस्सी
औरैया देशी घी, दूध बर्फी मिठाई, बालूशाही, गांव की गुड़
इटावा सरसों आधारित उत्पाद (सरसों की चटनी, सलाद), मट्ठा के आलू, खीर मोहन
फर्रुखाबाद दालमोठ, भूने आलू
कन्नौज गट्ठा मिठाई, खोवा का पेड़ा
लखनऊ रेवड़ी, आम उत्पाद, चाट, मलाई मक्खन
हरदोई आलू पूरी, लड्डू, लाओझड़
लखीमपुर खीरी केला, गुड़, खोया पेड़ा, खीर मोहन, रसगुल्ले
रायबरेली मसाले
सीतापुर मक्खन मलाई, समोसा, मिर्चा पकौड़ा, पेड़ा
उन्नाव काला जामुन, समोसा, कुशली, त्रिलोक परी
मेरठ रेवड़ी, गजक, नानखटाई
गाजियाबाद सोया चाप, मिर्च का अचार
गौतम बुद्ध नगर केक, बेकरी उत्पाद
हापुड़ पापड़
बुलंदशहर कचौरी, खुरचन, पेड़ा
बागपत बालूशाही, घेवर
मीरजापुर लाल पेड़ा, बालूशाही, रसगुल्ला, पेड़ा

यह भी पढ़ें- धनतेरस पर लखनऊ के आलमबाग में सजा बर्तन बाजार, पीतल-तांबे के बर्तनों के दाम में 45 प्रतिशत तक बढ़ोतरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।