विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में डबल मर्डर: पत्नी-बेटी की हत्या से पहले परिवार संग की थी पार्टी, होमगार्ड ने सरेंडर कर कबूला जुर्म

Published: Fri, 09 Oct 2026 09:04 PM (GMT+05:30)

लखनऊ के कृष्णा नगर में एक होमगार्ड ने अपनी पत्नी और बेटी की डाटा केबल से गला घोंटकर हत्या कर ...और पढ़ें

श्याम दुलारी और पूजा की फाइल फोटो।

श्याम दुलारी और पूजा की फाइल फोटो।

HighLights

  1. होमगार्ड ने पत्नी और बेटी की गला घोंटकर हत्या की।

  2. वारदात से पहले परिवार संग की थी दावत।

  3. पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर किया आत्मसमर्पण।

जागरण टीम, लखनऊ। कृष्णा नगर के भोलाखेड़ा में गुरुवार रात में होमगार्ड ने पत्नी और बेटी की डाटा केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने के बाद थाने में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

20वीं बटालियन पीएसी में तैनात रविंद्र शंकर गुप्ता भोलाखेड़ा में 50 वर्षीय पत्नी श्याम दुलारी, 32 वर्षीय बड़ी बेटी पूजा, अविवाहित छोटी बेटी प्रिया और नातिन काव्या के साथ रहता था। गुरुवार रात करीब तीन बजे उसने पहली मंजिल पर सो रही पत्नी श्याम दुलारी और भूतल पर सो रही पूजा की डाटा केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी।

वारदात के समय उसकी अविवाहित छोटी बेटी प्रिया भांजी काव्या (पूजा की बेटी) के साथ भूतल के दूसरे कमरे में सो रही थी। उन्हें घटना की जानकारी नहीं हुई। पुलिस मौके पर पहुंची तो भूतल के कमरे में बिस्तर पर पूजा और पहली मंजिल के कमरे में बिस्तर पर ही श्याम दुलारी का शव पड़ा था।

दो शादियां टूटने के बाद मायके में साथ रहती थी पूजा

इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह ने बताया कि होमगार्ड पिछले एक सप्ताह से ड्यूटी नहीं जा रहा था। उसे पत्नी श्याम दुलारी के चरित्र पर संदेह था। श्याम दुलारी अक्टूबर 2025 में घर से गहने लेकर लापता हो गई थी। उसकी गुमशुदगी दर्ज हुई थी। कुछ दिन बाद बिना गहनों के घर लौट आई थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी में अकसर विवाद होता था। पूजा की शादी 2017 में हुई थी, जो तलाक के बाद टूट गई थी।

2022 में दूसरी शादी हुई। वह भी टूट गई। इसके बाद पूजा अपनी पांच वर्षीय बेटी काव्या के साथ पिता के घर पर रहने लगी। घर में ही काव्या नाम से बुटीक और ब्यूटी पार्लर चलाती थी। पूजा का किसी युवक से बातचीत करने को लेकर घर में अकसर विवाद हुआ करता था। इन्हीं वजहों से होमगार्ड ने वारदात को अंजाम दिया है।

हत्या करने से पूर्व बेटे-बहू को दी थी दावत

रविंद्र की दूसरी बेटी लक्ष्मी उन्नाव और रूबी गुजरात स्थित ससुराल में रहती है। कैब चालक बेटा विनय टीचर पत्नी के साथ पारा में किराए के मकान में रहता है। रविंद्र ने गुरुवार को बेटे और बहू को दावत पर घर बुलाया था। सभी सदस्यों ने पार्टी की थी। रात करीब 11:20 बजे बेटा और बहू पारा स्थित किराए के मकान में लौट गए थे।

आरोपित की बेटी प्रिया की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित होमगार्ड ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। -मोहम्म्द मुश्ताक, पुलिस उपायुक्त, दक्षिणी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में डबल मर्डर: कृष्णानगर में मां-बेटी की गला घोंटकर हत्या, कमरे में मिले दोनों के शव