लखनऊ पुलिस लाइन में लगी अदालत, 119 साइबर आरोपित हुए पेश; CJM ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
लखनऊ में फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर के 119 आरोपियों को पुलिस लाइन में लगी अस्थायी अदालत में पेश किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सुरक्षा कारणों से विशेष व्यवस्था के तहत सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

HighLights
119 साइबर ठगों को लखनऊ पुलिस लाइन में पेश किया गया।
अस्थायी अदालत में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सुनवाई की।
सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। समिट बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर चल रहे फर्जी अंतरराष्ट्रीय काल सेंटर से गिरफ्तार 119 आरोपितों की संख्या को देखते हुए शुक्रवार को जिला न्यायाधीश की अनुमति पर पहली बार पुलिस लाइन में अस्थायी अदालत लगाई गई। जहां मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के समक्ष सभी आरोपितों की पेशी की, उन्होंने सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आरोपितों की बड़ी संख्या को देखते हुए न्यायिक प्रक्रिया के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) किरन यादव ने बताया कि 119 आरोपितों को नियमित प्रक्रिया के तहत अदालत ले जाते तो सुरक्षा के लिए 300 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती करनी पड़ती। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला न्यायाधीश से विशेष अनुमति मांगी गई थी। अनुमति मिलने पर सीजेएम ने पुलिस लाइन पहुंचकर सुनवाई करके सभी को जेल भेजने का आदेश दिया।
फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का हुआ था भंडाफोड़
पुलिस ने आठ बसों में पुरुष आरोपितों और पांच बसों में महिला आरोपितों को जेल भेजा। बता दें कि एक जुलाई को फर्जी अंतरराष्ट्रीय काल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ था।
साइबर सेल पुलिस ने मौके से 119 लोगों को पकड़ा, जिसमें प्रोग्राम मैनेजर समेत 27 लड़कियां और 92 लड़के शामिल थे। यह गिरोह अमेरिका समेत कई देशों के नागरिकों को निशाना बनाकर अब तक करोड़ों की ठगी कर चुका है।