लखनऊ में इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे का फ्लाईओवर 2028 तक होगा तैयार, 11 KM की दूरी 15 मिनट में होगी पूरी
लखनऊ में इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर बन रहा फ्लाईओवर जून 2028 तक पूरा हो जाएगा, जिससे पॉलीटेक्निक से आईआईएम तक 11 किमी की दूरी 15 मिनट में तय होगी।

फ्लाईओवर निर्माण की फाइल फोटो। (तस्वीर सोर्स- जागरण आर्काइव)
HighLights
इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर जून 2028 तक बनकर होगा तैयार।
पॉलीटेक्निक से आईआईएम तक 11 किमी दूरी 15 मिनट में।
लाखों लोगों को जाम से मिलेगी बड़ी राहत, आवागमन सुगम।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। पॉलीटेक्निक चौराहे से आइआइएम फ्लाइओवर तक (11 किलोमीटर) पहुंचने में 15 मिनट से ज्यादा नहीं लगेगा। क्योंकि इस 11 किलोमीटर के बीच छह फ्लाइओवर बनकर तैयार हैं और सातवां इंजीनियरिंग कालेज चौराहे पर बन रहा है।
लोक निर्माण विभाग की एनएच (शाखा) द्वारा इसका निर्माण तेजी से चल रहा है। इसे जून 2028 तक लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। लखनऊ जिले में यह पहला मार्ग होगा, जहां आने वाले समय में सात फ्लाइओवर होंगे, पलक झपकते ही यह दूरी तय हो जाएगी।
चंद सालों पहले 11 किलोमीटर की दूरी तय करने में डेढ़ से दो घंटे तक लग जाते थे और भारी वाहनों के कारण रात में ट्रकों का लंबा जाम लगता था लेकिन आउटर रिंग रोड बन जाने से यह समस्या भी पूरी तरह से खत्म हो गई है। वाहन बाहर ही बाहर निकल जाते हैं।
लोक निर्माण विभाग की एनएच (शाखा) द्वारा सर्विस रोड बनाने का काम कुछ कर लिया गया है और पाइलिंग का काम भी शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था ने अपनी कार्य की गति बढ़ा दी है। इसे डेढ़ साल से पौने दो साल में इसे बनाकर तैयार करने का दावा किया जा रहा है।
फ्लाइओवर 960 मीटर लंबा होगा और इसके निर्माण पर करीब 108 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इस फ्लाईओवर को बनवाने के लिए क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा पिछले कई सालों से प्रयासरत थे। बोरा के मुताबिक कार्य की समीक्षा समय-समय पर हो रही है। लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सर्विस रोड पहले बनाने का काम किया गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।
उनके मुताबिक दिसंबर 2027 तक इसे पूरा कर लिया जाए, इसके लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इसके बनने के बाद आवागमन और सुलभ हो जाएगा। वहीं फ्लाईओवर बनने से अयोध्या रोड से सीतापुर रोड के बीच वाहनों की रफ्तार और बेहतर होगी।
लोक निर्माण विभाग की एनएच (शाखा) ने सभी प्रकार की औपचारिकताएं अपने स्तर से पूरी कर ली हैं। हालांकि बिजली विभाग, जलकल की लाइनों को शिफ्ट करने के लिए संबंधित विभागों को भी निर्देशित भले कर दिया गया हो, लेकिन अभी यह काम पूरी तरह से नहीं हुआ है।
11 किलोमीटर के दायरे में छह फ्लाईओवर लाइन से हैं
स्थानीय लोगों के मुताबिक छह फ्लाईओवर हैं। इनमें पालीटेक्निक फ्लाईओवर, मुंशीपुलिया फ्लाईओवर, खुर्रमनगर फ्लाईओवर, टेढ़ी फ्लाईओवर, मड़ियांव फ्लाईओवर, आइआइएम फ्लाईओवर और निर्माणाधीन इंजीनियरिंग कालेज फ्लाईओवर है।
इन क्षेत्रों के लोगों को होगा लाभ
इंजीनियरिंग कालेज चौराहे पर फ्लाईओवर बनने से विकास नगर, खुर्रमनगर, गुडंबा, जानकीपुरम व जानकीपुरम विस्तार के आसपास बसी पांच लाख आबादी को राहत मिलेगी और सर्विस लेन पर जो जाम लगता था, उस पर नियंत्रण काफी हद तक होगा।
इंजीनियरिंग कालेज चौराहे पर सर्विस रोड बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। पूरा प्रयास है कि समय से फ्लाइओवर बन जाए। इसकी नियमित मानीटरिंग हो रही है। अभी किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है।
राज कुमार पिथौरिया, अधिशसाी अभियंता, एनएच (शाखा) पीडब्ल्यूडी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।