पुलिस पूछताछ और प्रताड़ना से आहत ट्रेवल्स चालक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, 6 वीडियो में बयां किया दर्द
लखनऊ में चोरी के झूठे आरोप और पुलिस की कथित प्रताड़ना से तंग आकर एक ट्रेवल्स ड्राइवर ने ट्रेन के ...और पढ़ें

HighLights
चोरी के आरोप और पुलिस प्रताड़ना से परेशान ड्राइवर ने की आत्महत्या।
पुलिसकर्मियों पर गाली देने और एनकाउंटर की धमकी देने का आरोप।
आत्महत्या से पहले परिवार को छह वीडियो भेजकर बताई आपबीती।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। चोरी के आरोप में पुलिस पूछताछ और कथित प्रताड़ना से परेशान ट्रेवल्स कारोबारी के चालक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। आत्मघाती कदम उठाने से पहले उसने छह वीडियो बनाकर परिवार को भेजे। वीडियो में उसने दो महिलाओं पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर फंसाने और पुलिसकर्मियों पर चौकी में गाली देने व एनकाउंटर की धमकी देने का आरोप लगाया। उसने पत्नी, बच्चों और परिवार से माफी मांगते हुए कहा कि उसने कुछ नहीं किया, लेकिन अब बेइज्जती और प्रताड़ना सहन नहीं कर पा रहा है।
ठाकुरगंज के लालबाग निवासी 38 वर्षीय मनीष देशराज उर्फ छोटू ट्रेवल्स में स्कार्पियो चलाते थे। उनकी पत्नी पिंकी और दो बेटे युवी व ऋषभ हैं। भाई छेदीलाल के मुताबिक, सपना और नेहा नाम की दो महिलाएं आर्केस्ट्रा में आने-जाने के लिए मनीष की गाड़ी किराये पर लेती थीं। आरोप है कि वे काफी समय से उसे मानसिक रूप से परेशान कर रही थीं। सात नवंबर को दोनों ने मनीष पर 12 लाख रुपये और जेवर चोरी करने का आरोप लगाया।
इसके बाद उसे लगातार फोन कर धमकाया गया। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद मनीष को पहले भूहर चौकी और फिर पारा क्षेत्र की शाहदरा चौकी बुलाया गया। मनीष ने वीडियो में कहा कि पुलिसकर्मियों ने उसे गाली दी और एनकाउंटर कर गोली मारने की धमकी दी। उसने चोरी से इनकार करते हुए कहा कि वह रुपये क्यों दे। उसके मुताबिक, महिलाओं और उनके स्वजन के फोन से वह लगातार डर और तनाव में था।
रविवार दोपहर करीब एक बजे मनीष घर से निकला। शाम करीब पांच बजे उसने पत्नी को छह वीडियो भेजे, जिनमें भाइयों, मां, बहनों, पत्नी और बच्चों से माफी मांगी। उसने कहा कि वह मजबूरी में, होशोहवास में यह कदम उठा रहा है और उसकी मौत के बाद किसी को परेशान न किया जाए।
वीडियो में उसने मोबाइल स्कूटी की डिक्की में रखने की बात भी कही। स्वजन ने तलाश शुरू की तो उसकी गाड़ी लालबाग पुल के नीचे मिली। बाद में पता चला कि मनीष ने भूहर पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मर्चरी में भाई छेदीलाल और अन्य स्वजन ने शव की पहचान की। परिवार ने दोनों महिलाओं और पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की मांग की है। मनीष ने वीडियो में गोलू नाम के व्यक्ति के गायब होने के मामले का भी जिक्र किया।
यह भी पढ़ें- CM योगी की पहल से किसानों को मिला कमाई का नया रास्ता, खेतों का पराली प्रबंधन बना कमाई का साधन
उसका कहना था कि पुलिस इस मामले में उस पर संलिप्तता का संदेह कर रही थी, जबकि वह शामिल नहीं था। परिवारजन ने पूरे प्रकरण और वीडियो में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।