होली खेलते समय गिरी गर्भवती तो बच्चेदानी का हिस्सा हो गया था अलग, फिर क्या हुआ?
लखनऊ में होली के दौरान एक गर्भवती महिला सीता शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिससे उन्हें रक्तस्राव होने ...और पढ़ें

HighLights
होली पर गिरी गर्भवती महिला को गंभीर चोटें आईं।
डफरिन अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन किया।
मां और नवजात शिशु दोनों की जान बचाई गई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। होली के रंग में मस्ती के बीच एक गर्भवती महिला के साथ बड़ा हादसा हो गया, लेकिन समय रहते डफरिन अस्पताल के डाक्टरों की सतर्कता से मां और बच्चे दोनों की जान बचा ली गई।
त्रिवेणीनगर की सीता शर्मा चार मार्च को दोपहर 2:25 बजे वीरांगना अवंतीबाई महिला चिकित्सालय (डफरिन अस्पताल) में गंभीर हालत में भर्ती कराई गईं। होली के दौरान रंग खेलते समय सीता शर्मा अचानक गिर गईं, जिससे उन्हें रक्तस्राव होने लगा।
गिरने के कारण उनके पेट में सूजन बढ़ने लगी और हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन तुरंत उन्हें डफरिन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डा ज्योति मेहरोत्रा की टीम ने जांच के बाद तुरंत आपरेशन का निर्णय लिया।
आपात स्थिति को देखते हुए महज कुछ ही मिनटों में आपरेशन शुरू किया और दोपहर 2:44 बजे शिशु का सुरक्षित जन्म कराया। चिकित्सकों के अनुसार गिरने की वजह से गर्भाशय के अंदर प्लेसेंटा (बच्चेदानी से जुड़ा हिस्सा) आंशिक रूप से अलग हो गया था, जिससे रक्तस्राव हो रहा था और मां-बच्चे दोनों की जान को खतरा था।
टीम ने तत्परता दिखाते हुए सफल सर्जरी की। रक्तस्राव को नियंत्रित किया। समय पर अस्पताल पहुंचने और तुरंत आपरेशन किए जाने से दोनों की जान बचाई जा सकी। फिलहाल मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैंं।
