धनतेरस और दीपावली पर लखनऊ के बाजारों में नहीं जा सकेंगे वाहन, इन रूटों पर लागू रहेगा डायवर्जन प्लान
दीपावली, धनतेरस और भैया दूज पर लखनऊ के प्रमुख बाजारों में भीड़ को देखते हुए 6 से 9 नवंबर तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

दीपावली पर बाजारों में नहीं जा सकेंगे वाहन।
HighLights
लखनऊ के बाजारों में 6 से 9 नवंबर तक वाहन प्रतिबंधित।
हजरतगंज, अमीनाबाद, भूतनाथ में यातायात डायवर्जन लागू।
आपातकालीन वाहनों को प्रतिबंधित मार्गों पर मिलेगी छूट।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। धनतेरस, दीपावलीऔर भैया दूज पर बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने प्रमुख बाजारों में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। छह से नौ नवंबर तक हजरतगंज, अमीनाबाद, भूतनाथ मार्केट, पत्रकारपुरम और नीलकंठ बाजार में वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
इन बाजारों में प्रतिबंधित रहेगी वाहनों की आवाजाही
परिवर्तन चौक से हजरतगंज बाजार की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। लीला सिनेमा रोड से पार्किंग के पिछले गेट से वाहन मल्टीस्टोरी पार्किंग में प्रवेश कर सकेंगे। वाहन खड़ा करने के बाद लोग पार्किंग के अगले गेट (मोतीमहल की ओर) से पैदल बाजार पहुंच सकेंगे।
परिवर्तन चौक से हजरतगंज बाजार आने वाले लोगों को हिंदी संस्थान से बाएं मुड़कर सरोजिनी नायडू भूमिगत पार्किंग में वाहन खड़ा करना होगा।
हैदरगंज और सआदतगंज की ओर से आने वाले थ्री व्हीलर, विक्रम और टेंपो नक्खास तिराहे से नादान महल रोड होकर यहियागंज, रकाबगंज पुल और अमीनाबाद की ओर नहीं जा सकेंगे। अमीनाबाद बाजार जाने वाले वाहन झंडेवाला पार्क के पास भूमिगत पार्किंग में खड़े होंगे।
भूतनाथ तिराहे से दाहिने मुड़कर बाजार की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। कलेवा चौराहे की ओर से आने वाले वाहन भी सीधे बाजार नहीं जा सकेंगे। वाहन यहां की भूमिगत पार्किंग में खड़े होंगे। मनोज पांडेय चौराहे से बाएं मुड़कर पत्रकारपुरम और हुसड़िया चौराहे से पत्रकारपुरम चौराहे की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।
पत्रकारपुरम बाजार आने वाले लोग आसपास की खाली जगहों पर खड़े होंगे। नीलकंठ मोड़ से आर्यन रेस्टोरेंट तक किसी वाहन को बाजार में प्रवेश नहीं मिलेगा। आर्यन रेस्टोरेंट से नीलकंठ की तरफ भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इन रास्तों से होकर निकलेंगे वाहन
- अमीनाबाद जाने वाले प्रतिबंधित वाहन टेंपो, कार, ई-रिक्शा आदि को नक्खास से मेडिकल क्रास, मेडिकल कालेज चौराहा और शाहमीना तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- भूतनाथ मार्केट जाने वाले वाहनों को लेखराज मार्केट और नीलगिरी चौराहे से होकर निकलना होगा। पत्रकारपुरम की ओर जाने वाले वाहनों को दयाल पैराडाइज चौराहे से हुसड़िया की ओर भेजा जाएगा।
- हजरतगंज के आसपास भी मार्गों पर डायवर्जन रहेगा। परिवर्तन चौक से आने वाले वाहनों को केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहे से चिरैयाझील और सिकंदरबाग की ओर भेजा जाएगा।
- अटल चौक से डीएम आवास के बीच वाहन खड़े करने पर प्रतिबंध रहेगा। यह नो-स्टाप जोन रहेगा।
आपातकालीन वाहनों को छूट
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात राघवेंद्र सिंह ने बताया कि एंबुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली वाहन और शव वाहनों को चिकित्सकीय या अन्य आपात स्थिति में प्रतिबंधित मार्गों से गुजरने की अनुमति रहेगी। यातायात संबंधी समस्या होने पर लोग नियंत्रण कक्ष के नंबर 9454405155 पर फोन कर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।