लखनऊ में महिला ने प्रेमी सिपाही के साथ रची पति की हत्या की साजिश, छह लाख देकर शूटरों से चलवाई गोली
Lucknow Crime: पति की हत्या के लिए उसकी पत्नी आशी मिश्रा ने उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही नितिन राणा के साथ मिलकर छह लाख रुपये की सुपारी दी थी।

पुलिस ने साजिश में शामिल आशी मिश्रा समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया
HighLights
प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने की थी योजना, अलीगंज में कराई थी फायरिंग
बैंक कर्मी अनुराग शुक्ला पर जानलेवा हमला कराने की साजिश का पुलिस ने किया राजफाश
जागरण संवाददाता, लखनऊ । कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजर पर अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया चौराहे के पास 29 अक्टूबर को उसकी पत्नी ने ही गोली चलवाई थी। अलीगंज थाना क्षेत्र में अनुराग शुक्ला पर जानलेवा हमला कराने की साजिश का पुलिस ने राजफाश कर दिया।
आशी मिश्रा ने करीब तीन महीने पहले प्रेमी उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही नितिन राणा के साथ पति को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची थी। पति की हत्या के लिए उसकी पत्नी आशी मिश्रा ने उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही नितिन राणा के साथ मिलकर छह लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने साजिश में शामिल आशी मिश्रा समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें पुलिस का सिपाही भी शामिल है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है।
डीसीपी उत्तरी की स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ अलीगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मामले का राजफाश हुआ। पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर को रात करीब 10:30 बजे अनुराग शुक्ला पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के निकट एक फास्ट फूड दुकान के बगल में थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी थी। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए थे।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आशी मिश्रा का 2022 से सिपाही नितिन राणा से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की मुलाकात एक पब्लिक लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान हुई थी। वर्ष 2025 में आशी की शादी अनुराग शुक्ला से हो गई, लेकिन नितिन से उसका संपर्क बना रहा।
डीसीपी नार्थ अमित कुमार आनंद ने बताया कि शादी के बाद आशी ने पति का फोन चेक किया तो उसे अन्य महिलाओं से बातचीत की जानकारी मिली। इस पर उसने नितिन को बताया कि उसका पति उसे धोखा दे रहा है। इसके बाद दोनों ने अनुराग को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए नितिन ने अपने परिचित मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा और अन्य सहयोगियों से संपर्क किया। छह लाख रुपये में सुपारी तय की गई। योजना के तहत आरोपितों ने बागपत से लखनऊ आकर अनुराग की रेकी की और 28 अक्टूबर को उन पर फायरिंग की।
इस घटना के बाद आरोपित दोबारा वारदात की योजना बनाने के लिए मेरठ चले गए थे। पुलिस ने दबिश देकर वहां से मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा, शिवम राजपूत और सिपाही नितिन राणा को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया। मुख्य साजिशकर्ता आशी मिश्रा को लखनऊ से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार मोबाइल और 13 सौ रुपये बरामद किए हैं। मयंक वशिष्ठ और शुभम शर्मा का बागपत जिले में भी आपराधिक इतिहास है। फरार आरोपित मनोज राजपूत की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।