PM के पोस्टर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोती कालिख, चार नामजद और छह पर रिपोर्ट दर्ज
पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा। कांग्रेस प्रदेश संगठन सचिव समेत चार नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज।
लखनऊ(जेएनएन)। राजधानी में पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जमकर हंगामा किया। हजरतगंज स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर कालिख पोत दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार उनकी बात नहीं सुन रही हैं। सड़क जाम कर सरकार विरोधी नारेबाजी की। पुलिस ने शैलेंद्र तिवारी समेत चार नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इंस्पेक्टर हजरतगंज राधा रमण सिंह के मुताबिक, रंजन पेट्रोल पंप के पास भारत सरकार की उज्ज्वला योजना के प्रचार-प्रसार के लिए नगर निगम द्वारा होर्डिंग लगाई गई है। होर्डिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो लगी है। सोमवार दोपहर कुछ कांग्रेसी नेता पहुंचे। उन्होंने होर्डिंग में लगी पीएम की फोटो पर कालिख पोत दी और कांग्रेस का झंडा लहराया। इसके बाद सड़क जाम कर हंगामा किया। उक्त लोगों ने सरकार विरोधी नारे भी लगाए। इसके चलते यातायात बाधित हो गया और दस मिनट तक जाम लगा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस को आता देख हंगामा कर रहे लोग भाग निकले।
सीसी कैमरे की फुटेज खंगाल पुलिस दे रही दबिशपुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरे खंगाले। फुटेज से पता चला कि फोटो पर कालिख कांग्रेस के प्रदेश संगठन सचिव शैलेंद्र तिवारी ने पोती है। उनके साथ के लोगों की पहचान विशाल राजपूत, हिमांशु वर्मा, चंद्र प्रकाश के रूप में हुई। चौकी प्रभारी पार्क रोड फिरोज आलम की ओर से शैलेंद्र तिवारी समेत चार नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ सेवन क्रिमिनल एक्ट, सरकारी कार्य में बाधा, मानहानि, सरकार संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, सरकार विरोधी नारे लगाना, बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फुटेज के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस के सामने कालिख पोतकर भागे आरोपित
घटना के समय 15-20 कदम दूरी पर स्थित हजरतगंज चौराहे पर करीब आठ से 10 पुलिस कर्मी खड़े थे। वहीं जीपीओ पार्क चौकी में भी पुलिस कर्मी बैठे थे। इसके बाद भी आरोपितों ने पीएम की फोटो पर कालिख पोतकर सड़क पर हंगामा किया। उधर, पुलिस उन्हें पकड़ नहीं सकी।
डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को लगाई फटकार
पीएम की फोटो पर कालिख लगाए जाने के मामले पर डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने नाराजगी जताई। सूत्रों के मुताबिक, डीजीपी ने एएसपी पूर्वी, सीओ हजरतगंज और इंस्पेक्टर को फटकार भी लगाई।