अलीगंज में 14.71 एकड़ में बनेगा लखनऊ का सबसे बड़ा हेल्थ और स्पोर्ट्स कॉरिडोर, मेगा प्लान तैयार
एलडीए अलीगंज सेक्टर ओ में 14.71 एकड़ की ग्रीन बेल्ट पर शहर का सबसे बड़ा और आधुनिक हेल्थ व स्पोर्ट्स कॉरिडोर बनाएगा।

HighLights
अलीगंज में 14.71 एकड़ में बनेगा मेगा हेल्थ-स्पोर्ट्स कॉरिडोर।
पीपीपी मॉडल पर विकसित होगा बड़ा हिस्सा, एलडीए भी करेगा विकास।
बच्चों का पार्क, खेल सुविधाएं और वॉक-वे होंगे शामिल।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। एलडीए अलीगंज सेक्टर ओ में शहर का सबसे बड़ा और मॉडर्न हेल्थ और स्पोर्ट्स कारिडोर बनाएगा। इसका मास्टर प्लान फाइनल कर दिया गया है। 14.71 एकड़ में फैली ग्रीन बेल्ट को अलग-अलग माडल पर विकसित किया जाएगा, ताकि विकास तेजी से हो, इसे विकसित करने के लिए एलडीए 6.50 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
पीपीपी मॉडल पर तैयार होगा ग्रीन बेल्ट
एलडीए ग्रीन बेल्ट के सबसे बड़े 8.40 एकड़ के हिस्से को पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर तैयार कराएगा। पीपीपी वाले हिस्से को छोड़कर बाकी 6.31 एकड़ जमीन को एलडीए खुद लगभग साढ़े छह करोड़ रुपये की लागत से विकसित करेगा।
इसे तीन अलग-अलग थीम पार्क में बांटा गया है। इसमें चिल्ड्रेन पार्क (2.55 एकड़ अलीगंज स्टेडियम के पास) विकसित किया जाएगा। यह पूरी तरह से बच्चों को समर्पित होगा।
ग्रीन बेल्ट के बीच से एक बड़ा नाला
मास्टर प्लान के मुताबिक, वहां प्ले स्टेशन, सीटिंग फन, शैलो स्ट्रीम, सेंड पिट, माउंड अप और डाउन, किड्स साइकिलिंग ट्रैक सहित अन्य सुविधाएं होगी। इस ग्रीन बेल्ट के बीच से एक बड़ा नाला गुजरता है, जो अभी गंदगी का कारण है।
नए प्लान में इस नाले के दोनों किनारों पर वाक-वे, हरियाली और बैठने की जगह बनाई जाएगी, ताकि लोग पानी के किनारे प्रकृति का आनंद ले सकें। असल में, अलीगंज, पुरनिया, कपूरथला और जानकीपुरम जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में खुले और सुरक्षित पार्कों की कमी है। अलीगंज स्टेडियम के बाद यह दूसरा सबसे बड़ा ओपन स्पेस होगा।
इसके बनने से न सिर्फ लोगों को सुबह की सैर और खेलने की सुविधा मिलेगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया, इसके लिए रिक्वेस्ट फार प्रपोजल यानि आरएफपी तैयार करने का काम अंतिम चरण में है और कुछ ही दिनों में इसका टेंडर कर दिया जाएगा।
ये सुविधाएं होंगी
- टर्फ कोर्ट: फुटबाल और बाक्स क्रिकेट के लिए आधुनिक टर्फ
- बैडमिंटन कोर्ट: इनडोर बैडमिंटन कोर्ट
- क्रिकेट पिच: प्रैक्टिस के लिए क्रिकेट पिच
- कैफेटेरिया: खिलाड़ियों और आगंतुकों के लिए कैफेटेरिया और कियोस्क
यह भी पढ़ें- यूपी रोडवेज का मेगा प्लान: रक्षाबंधन पर 6 दिनों तक चलेंगी अतिरिक्त बसें, महिलाओं को मिलेगी सुगम और फ्री यात्रा
