दीपावली से पहले यूपी के 56 गांवों में पहुंचेगी बिजली, कनेक्शन चार्ज पर लागू होगी ये स्पेशल स्कीम
लखनऊ के 56 मजरों के 582 परिवारों को दीपावली तक बिजली मिलेगी, जो सौभाग्य योजना में छूट गए थे। कनेक्शन ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
दीपावली तक 56 मजरों के 582 घरों में बिजली पहुंचेगी।
सौभाग्य योजना के पहले चरण में छूटे परिवारों को कनेक्शन।
4,325 रुपये कनेक्शन शुल्क पर उपभोक्ताओं को काउंसिलिंग की जा रही है।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी के उन गांवों व मजरों को चिह्नित किया गया है, जहां अभी तक बिजली नहीं पहुंची थी। अब इन गावों और मजरों में दीपावली तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि दावा सौभाग्य योजना के प्रथम फेस में भी किया गया था, बिजली सभी गांवों व मजरों में पहुंच गई लेकिन 582 परिवार ऐसे थे, जिनके घरों में बिजली पहुंच ही नहीं और यह सब अभी तक बिना बिजली के रह रहे थे। ऐसे घरों में टीम पहुंचकर विद्युतीकरण का काम कर रही है।
टीम उपभोक्ता के घर के सामने लगे बिजली के पोल से सर्विस केबल घर पहुंचा दे रही है। सौभाग्य थ्री योजना के अंतर्गत जानकीपुरम के छह गांव और अमौसी जाेन के पचास गांव व मजरों में उक्त उपभोक्ता रह रहे थे।
वहीं, इनमें कुछ उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह हर माह बिजली का शुल्क दे सके और बिजली कनेक्शन का 4325 रुपये भी। ऐसे उपभोक्ता कनेक्शन लेने से जब मना करते हैं तो बिजली कर्मी उनकी काउंसिलिंग कर रहे हैं।
क्या बता रहे बिजली कर्मी?
बिजली कर्मी बता रहे हैं कि कनेक्शन के लिए झटपट पोर्टल पर आवेदन करना है और एक किलाेवाट बिजली कनेक्शन के लिए 4,325 रुपये देना है। इसमें 1925 रुपये तुरंत जमा करना है। शेष धनराशि आगामी बिलों में जोड़कर आएगी।
यह राशि भी कुछ उपभोक्ताओं को ज्यादा लग रही है। माल, मलिहाबाद, बीकेटी, निगोहा, नगराम, गोसाइगंज, अमेठी के कुछ गांव व मजरों में रहने वाले उपभोक्ताओं का कहना है कि कनेक्शन एक बार किसी तरह अगर ले लिया जाए, तो हर माह तीन से चार सौ रुपये बिल की व्यवस्था करनी पड़ेगी।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में बनेंगे चार ROB और 4 नए पुल, 18 लाख की आबादी को होगा फायदा; हरौनी-केसरी खेड़ा आरओबी का काम शुरू
उधर विद्युतीकरण के काम में लगी एजेंसी का दावा है कि जानकीपुरम जोन के अंतर्गत आने वाले छह गांवों के 63 उपभोक्ता जो छूटे थे, उनके यहां बिजली कनेक्शन हो गया है। अमौसी जोन में भी कई घरों में बिजली पहुंच गई है, जल्द ही शेष उपभोक्ताओं के यहां भी कनेक्शन कर दिया जाएगा।
