विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IPL 2026: इकाना में LSG और दिल्ली का मैच देखने को खर्चने होंगे कितने रुपये? सिर्फ मोबाइल टिकट से ही मिलेगी एंट्री

Published: Tue, 17 Mar 2026 01:35 PM (IST)

लखनऊ सुपर जायंट्स ने इकाना में अभ्यास शिविर शुरू किया, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 1 अप्रैल को पहला मैच है। टिकट की कीमतें 1000 से 40000 रुपये तक हैं।

इकाना में 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होगा मुकाबला।

इकाना में 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होगा मुकाबला।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, लखनऊ। इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) के 19वें सत्र के लिए सभी टीमों ने कमर कस ली है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने सोमवार से यहां अपना अभ्यास कैंप शुरू किया।

ग्लोबल डायरेक्टर टाम मूडी एवं मुख्य कोच जस्टिन लेंगर के नेतृत्व में टीम ने पहले दिन अपने घरेलू मैदान पर चार घंटे बिताए। कप्तान रिषभ पंत और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी सोमवार रात टीम से जुड़े और मंगलवार से अभ्यास सत्र का हिस्सा होंगे।

लखनऊ अपने अभियान की शुरुआत इकाना में एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगा, जिसके लिए फ्रेंचाइजी ने टिकट दरें जारी कर दी हैं।

एलएसजी टीम प्रबंधन के मुताबिक, इस मुकाबले के लिए सबसे सस्ता जनरल स्टैंड का टिकट एक हजार रुपये का होगा। सबसे महंगा यानि सुपर जायंट्स लाउंज का टिकट है, जिसके लिए 40 हजार रुपये चुकाना होगा। टिकटों की बिक्री रविवार देर शाम शुरू कर दी गई।

पहली बार मोबाइल टिकट की हुई सुविधा

एलएसजी टीम प्रबंधन के अनुसार, पहली बार मोबाइल टिकट की सुविधा शुरू की गई है। क्रिकेट प्रेमी बुक माय शो पर जैसे ही टिकट बुक करेंगे, मोबाइल नंबर पर एम टिकट भेज दिया जाएगा। एम टिकट को स्टेडियम के गेट पर स्कैन कराकर दर्शक प्रवेश पा सकेंगे।

ऐसे में मोबाइल पर टिकट होने की स्थिति में हार्ड कापी लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एम. टिकट होने से दर्शकों को आसानी से प्रवेश मिल सकेगा, लेकिन मोबाइल टिकट को किसी और को ट्रांसफर नहीं किया जा सकेगा।

एलएसजी ब्रिगेड से जुड़ने के लिए इस बार टीम की ओर से खास मेंबरशिप शुरू की गई है। 4999 रुपये में ब्रिगेड से जुड़कर लोग इकाना स्टेडियम में होने वाले सभी मैच देख सकेंगे।

बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों के लिए अलग लाइन

मैच वाले दिन टीम प्रबंधन इस बार स्टेडियम के सभी गेट पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था करेगा, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े और देर तक लाइन में इंतजार न करना पड़े।

लय में नजर आए बडोनी, समद और हिम्मत

लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने सोमवार को इकाना में जमकर पसीना बहाया। खासकर, टीम के युवा बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी, अब्दुल समद, हिम्मत सिंह, आयुष बडोनी, शाहबाज अहमद और अर्शीन कुलकर्णी नेट पर बल्लेबाजी के दौरान अच्छी लय में नजर आए।

यह भी पढ़ें- आईपीएल-2026 से पहले ही संजू ने फोन पर की एमएस धोनी से खास बात, राजस्थान रॉयल्स छोड़ने की बताई वजह

बडोनी, समद और हिम्मत ने खूब चौके-छक्के जड़े। इन बल्लेबाजों को अर्जुन तेंदुलकर, मयंक यादव, आवेश खान के साथ फिरकी गेंदबाज दिग्वेश राठी ने अभ्यास कराया।

हालांकि, दिग्वेश और मयंक ने अपने साथी बल्लेबाजों को खूब छकाया भी। इस दौरान टीम के ग्लोबल क्रिकेट डायरेक्टर टाम मूडी और मुख्य कोच जस्टिन लेंगर नेट पर खिलाड़ियों बातचीत करते दिखे।

सहायक कोच लांस क्लूजनर ने राठी और आवेश को फील्डिंग के दौरान मार्गदर्शन किया। सोमवार देर रात कप्तान रिषभ पंत, मोहम्मद शमी, एडन मार्करम और मिशेल मार्श टीम से जुड़ गए।

ये हैं टिकट की दरें-

  • जनरल स्टैंड - 1000 रुपये से शुरू
  • नार्थ गैलरी - 2000 रुपये से शुरू
  • साउथ गैलरी - 3000 रुपये से शुरू
  • नार्थ प्लेटिनम लान - 12000 रुपये
  • साउथ प्लेटिनम लान - 15000 रुपये
  • नार्थ लाउंज - 17500 रुपये
  • साउथ लाउंज- 20000 रुपये
  • सुपर जायंट्स लाउंज- 40000