मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तमाम दावों के बाद भी LPG Cylinders की किल्लत, लोग खरीद रहे इंडक्शन कुकर व कोयला
LPG Cylinder Crisis: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और लोग रसोई गैस की कमी के अफवाहों से बचें।

लखनऊ: शिवाजीपुरम में रसोई गैस के लिए लगी लाइन
HighLights
कमर्शियल सिलिंडर न होने से भूतनाथ और राजाजीपुरम में रेस्टोरेंट बंद
पांच से आठ सौ रुपये वाली भट्ठी की कीमत तीन हजार पहुंची
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लगातार तमाम दावों के बाद भी प्रदेश में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत बढ़ती ही जा रही है।
खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी के कमर्शियल सिलिंडर न मिलने से फास्ट फूड, चाय व पूड़ी सब्जी के ठेले करीब-करीब बंद हो गए हैं। घरेलू सिलिंडर की लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। अब लोग एलपीजी घरेलू सिलिंडर का विकल्प तलाश रहे है, लेकिन व्यापारियों के लिए आपदा ही अवसर बन गया है। इंडक्शन कुकर व कोयला के दाम भी बढ़ गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति को लेकर बेहद सख्त हैं। उन्होंने तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ की बैठक में रसोई गैस आपूर्ति और वितरण की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि प्रदेश में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और लोग रसोई गैस की कमी के अफवाहों से बचें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कालाबाजारी व जमाखोरी पर तत्काल एफआईआर करें। किसी में भी घबराहट न फैलने दें और एलपीजी सिलिंडरों का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित कराएं। खाद्य एवं रसद विभाग बनाए कंट्रोल रूम बनाए और सभी को अपडेट करे। उन्होंने कहा कि केंद्र से प्रदेश को 80 लाख लीटर केरोसिन आवंटित है। एलपीजी गैस वितरण सेंटरों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं, कहीं पर भी अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इंडक्शन कुक टाप की डिमांड बढ़ी
घरों में सिलिंडर की डिलिवरी समय से न होने के कारण इलेक्ट्रानिक बाजार में इंडक्शन कुक टाप की डिमांड गुरुवार को 50 प्रतिशत तक बढ़ गई। इंडक्शन चूल्हे की डिमांड तीन दिन में 50 प्रतिशत बढ़ी बाजार में इंडक्शन चूल्हे की डिमांड तीन दिन में 50 प्रतिशत बढ़ गई। ग्राहक स्टैंड वाला डंडक्शन मांग रहे हैं। विक्रेता आरके महेश्वरी ने बताया कि रोटी सेंकने वाले डंडक्शन में स्टैंड यानि जाली लगी है। इस पर रोटी सेंकने के साथ ही किसी भी बर्तन को रखकर खाना बनाया जा सकता है। इसकी कीमत 33 सौ रुपये है। वहीं, अन्य ब्रांडेड कंपनी के इंडक्शन 2200 से लेकर 3000 रुपये तक हैं।
रेस्टोरेंट संचालकों को भट्ठी का सहारा
रेस्टोरेंट संचालकों को गुरुवार को ऐशबाग, चिनहट, सीतापुर रोड पर भट्ठी खरीदते देखा गया। पांच से आठ सौ रुपये वाली भट्ठी दो से तीन हजार रुपये तक बिकी। कई लोगों ने एडवांस जमा करके बुकिंग भी करा दी है। इसके अलावा सप्ताह भर पहले 25 रुपये प्रति किलो बिकने इमली का कोयला बुधवार को 40 रुपये पहुंच गया था। कहीं 40 तो कहीं 50 रुपये किलो में बिका। 20 रुपये किलो वाली लकड़ी, 30 रुपये प्रति किलो में बिकी। कमर्शियल सिलेंडर न होने से भूतनाथ, राजाजीपुरम में रेस्टोरेंट बंद हो गए हैं। राजाजीपुरम में होटल संचालक अंकित अरोड़ा का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर न मिलने से तीन दिन से व्यापार ठप हो गया है। मंडियाव में टिफिन का व्यापार करने वाले हर्षित गुप्ता के मुताबिक सिलेंडर न मिलने से अब वह टिफिन सेवा देने में असमर्थ हैं। ऐसे सैकड़ों टिफिन का कारोबार करने वाले लोग प्रभावित हैं।
मुख्यमंत्री जी ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी उत्पन्न न होने पाए। यदि कोई वितरक एजेंसी या निजी व्यक्ति कालाबाजारी अथवा जमाखोरी में लिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) March 12, 2026
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एलपीजी वितरक केंद्रों…
