पर्स लूटने वाले बाइक सवार से भिड़ गई महिला, 50 मीटर तक घसीटा
चौक के लाजपत नगर में शुक्त्रवार की घटना ब्यूटी पार्लर के सीसीकैमरे में हुई कैद।
लखनऊ(जागरण संवाददाता)। राजधानी में शुक्रवार को एक बाइक सवार बदमाश ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। एक महिला को बदमाश बाइक से करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गए। महिला चीखती रही, लेकिन बदमाश ने बाइक नहीं रोकी। दरअसल, महिला बैंक से रुपए निकाल कर घर जा रही थी, तभी बदमाश पर्स छीनकर भागने लगे। लेकिन महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों से भिड़ गई। झड़प के बीच बाइक बेकाबू हो गई और महिला उसी में फंस गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने तेजी से बाइक दौड़ाई और महिला को घसीटते हुए भाग निकले। खास बात यह है कि पीड़िता ने जब पुलिस से शिकायत की तो तहरीर लेकर उन्हें लौटा दिया गया।
ये है पूरा मामला:
मामला चौक के लाजपत नगर का है। मोहन मेकिन, हसनगंज निवासी कृष्णा कुमारी नगर निगम में कर्मचारी हैं। कृष्णा के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर में वह चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से 25 हजार रुपये निकाल कर घर लौट रही थी। लाजपतनगर में पीछे से आए एक बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर उनका पर्स लूट लिया। कृष्णा ने विरोध किया और तेजी से लपककर बदमाश की बाइक पीछे से पकड़ ली। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई, लेकिन बदमाश ने गाड़ी नहीं रोकी और करीब 50 मीटर तक कृष्णा को घसीटते हुए ले गया। संघर्ष के बाद भी कृष्णा पर्स नहीं बचा सकी। पर्स में कुल 28 हजार रुपये थे। इस वारदात में कृष्णा को काफी चोट भी आई है। शोरगुल सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बैंक से ही मौजूद था बदमाश :
छानबीन में पता चला है कि लुटेरा बैंक में मौजूद था और वह महिला की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। महिला जैसे ही बैंक से बाहर निकली तो वह उनके पीछे लग गया।
वायरल हुआ वीडियो तो दर्ज हुई रिपोर्ट:
लूट की घटना ब्यूटी पार्लर में लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। शनिवार का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद चौक पुलिस हरकत में आई। आननफानन पुलिसकर्मियों ने एफआइआर दर्ज की। बताया गया कि चौक पुलिस ने उच्चाधिकारियों को वारदात की सूचना भी नहीं दी थी। सीओ चौक दुर्गा प्रसाद तिवारी के मुताबिक एफआइआर दर्ज कर छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश के बारे में पता लगाया जा रहा है।