Lockdown : यूपी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पौने पांच करोड़ जरूरतमंदों को बंटे नमो टिफिन व नमाे किट
यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह व महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने मंगलवार को जिला व क्षेत्रीय अध्यक्षों से राहत व सेवा कार्यों को ब्यौरा जुटाया।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। कोरोना संकट में लगभग दो माह की लॉकडाउन अवधि में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने 'कोई भूखा न सोए' अभियान में करीब पौने पांच करोड़ जरूरतमंदों को नमो टिफिन और नमाे किट के माध्यम से भोजन एवं राशन आदि उपलब्ध कराया। पूरे उत्तर प्रदेश में चलाए गए सेवा कार्यों में बूथस्तरीय कार्यकर्ताओं की सक्रियता बनाए रखने में नियमित आनलाइन समीक्षा बैठकें कारगर सिद्ध हुई और डिजिटलाइजेशन की उपयोगिता परखी गई।
यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह व महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने मंगलवार को जिला व क्षेत्रीय अध्यक्षों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए राहत व सेवा कार्यों को ब्यौरा जुटाया। गत दस दिनों से 200 से अधिक केंद्रों पर प्रवासी श्रमिकों की मदद का चलायी जा रहीं मुहिम की जानकारी भी ली। इस मैराथन समीक्षा बैठक में जो आंकड़े सामने आए वो काफी उत्साहर्वद्धक थे।
स्वतंत्रदेव सिंह ने बताया कि यूपी में चार करोड़ 31 लाख 43 हजार सात सौ 48 जरूरतमंदों को नमो टिफिन के जरिए भोजन तथा 38 लाख 64 हजार 47 लोगों को राशन की नमो किट उपलब्ध करायी गई। संक्रमण से बचाव को कार्यकर्ताओं द्वारा अब तक घरों में तैयार 90 लाख 44 हजार 24 मास्क वितरित किए गए।
दो कराेड़ मोबाइल फोनों में आरोग्य सेतु एप : संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने बताया कि संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूकता में भी कार्यकर्ता पीछे नहीं रहे। सुरक्षित शारीरिक दूरी के नियमों को पालन करते हुए दो करोड़ से अधिक मोबाइल फोनों में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराया गया। कोरोना के खिलाफ जंग लड़ने में जुटे लगभग दस लाख से अधिक लोगों को धन्यवाद व अभिनंदन पत्र सौंपे गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर प्रदेश से पीएम केयर फंड में लगभग दस लाख कार्यकर्ताओं के प्रयास से 60 करोड़ रुपये की धनराशि भी जुटायी गई।
बूथ स्तर तक नियमित निगरानी : लाकडाउन जैसी विषम परिस्थितियों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा रिकार्ड सेवा कार्य संपन्न होने की अहम वजह राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से लेकर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व संगठन महामंत्री सुनील बंसल के क्षेत्रीय अध्यक्षों व प्रभारियों द्वारा जिलाध्यक्षों व अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग जैसे संचार माध्यमों से नियमित संपर्क और संवाद बनाए रखना है। वहीं जिला व क्षेत्रीय अध्यक्षों द्वारा भी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखा गया।
प्रवासी मजदूरों को उपलब्ध कराई 50 हजार चप्पलें : प्रवासी मजदूरों की मदद को चलाए विशेष अभियान में 11 लाख 33 हजार से अधिक लोगों को भोजन पानी की व्यवस्था की। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि दो लाख 17 हजार प्रवासी मजदूरों को मास्क प्रदान किए। साथ ही 50 हजार से अधिक जरूरतमंदों को चप्पलें प्रदान कर उनके सफर को आसान बनाने का प्रयास भी किया गया।