एक प्लॉट पर चला रहे थे आठ रेस्टोरेंट, LDA ने जड़ा ताला Lucknow News
प्राधिकरण ने गोमती नगर में एक अपार्टमेंट को भी किया सील। एक ही प्लॉट पर आठ रेस्टोरेंट खुलवाने को मिल रहा था एक लाख किराया।
लखनऊ, जेएनएन। गोमती नगर में विपुलखंड स्थित एक भूखंड पर आठ रेस्टोरेंट खोल दिए गए। अवैध तरीके से खोले गए रेस्टोरेंट के जरिये प्लॉट मालिक महीने में करीब एक लाख रुपये किराया ले रहे थे। एलडीए ने ये सारे रेस्टोरेंट बंद करवा दिए। गोमती नगर में एक अपार्टमेंट और कैसरबाग में एक कॉमर्शियल कॉप्लेक्स भी गुरुवार को सील कर दिए।
अवर अभियंता प्रवर्तन नरेंद्र सिंह ने बताया कि गोमती नगर विपुलखंड में अनीता यादव के भूखंड संख्या-5/8, विपुल खंड में शेड डाल कर आठ रेस्टोरेंट खोल दिए थे। इसमें सभी से अलग-अलग किराया लिया जा रहा था। ये सभी रेस्टोरेंट बंद करवा दिए गए हैं। दूसरी ओर विमला देवी पत्नी राजेश कुमार के खसरा संख्या-390, ग्राम तख्वा विराज खंड-5 में किए जा रहे अनाधिकृत निर्माण को एलडीए प्रवर्तन जोन-1 के स्टाफ ने पुलिस बल के साथ सील किया। एक अपार्टमेंट भी प्राधिकरण ने सील किया। रमा शंकर शुक्ला ने भूखंड संख्या-1/6, विजय खंड गोमती नगर में अपार्टमेंट का निर्माण शुरू किया था।
कैसरबाग में कॉमर्शियल कांप्लेक्स सील
कैसरबाग में प्राधिकरण ने एक अवैध कॉमर्शियल कांप्लेक्स को सील किया। विहित प्राधिकारी और संयुक्त सचिव ऋतु सुहास ने बताया कि अभियंत्रण जोन 6 ने राजेंद्र कुमार गोला के आनंद सिनेमा के पीछे और गुड बेकरी के बगल में बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे अवैध निर्माण को कैसरबाग पुलिस बल के सहयोग से सील किया गया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप