LDA के उद्यान अधिकारी से छीनी सभी अहम जिम्मेदारियां, मेन पार्कों-परियोजनाओं से जुड़े कामों से हटाया; निलंबन की तैयारी
एलडीए के उद्यान अधिकारी शशि कुमार भारती को प्रमुख कार्यों से हटाकर निलंबन की तैयारी है। यह कार्रवाई गोमती रिवरफ्रंट ...और पढ़ें

HighLights
एलडीए उद्यान अधिकारी शशि कुमार भारती के निलंबन की तैयारी चल रही है।
प्रमुख पार्कों और परियोजनाओं के अहम कामों से उन्हें हटाया गया।
गोमती रिवरफ्रंट तोड़फोड़ मामले में कारण बताओ नोटिस जारी हुआ।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। एलडीए के उद्यान अधिकारी शशि कुमार भारती को निलंबित करने की तैयारी है। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने उन्हें शहर के प्रमुख पार्कों और परियोजनाओं से जुड़े अहम कामों से हटा दिया है। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी करके एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है। संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर निलंबन सहित अनुशासनिक कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति हो सकती है।
असल में, गोमती रिवरफ्रंट के उस हिस्से में तोड़फोड़ की गई जिसकी सीबीआइ जांच चल रही है। आरोप है कि तलवार टेंट हाउस ने अपनी सीमा का विस्तार करने के लिए यहां बने लाइब्रेरी, फाउंटेन, रिटेनिंग वाल और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
बन सकती है परेशानी का कारण
उद्यान अधिकारी के जिम्मे महत्वपूर्ण पार्कों और उद्यान संबंधी कार्यों की निगरानी होने के बावजूद इस नुकसान को नहीं रोक पाने पर एलडीए उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताई है। प्राधिकरण की ओर से तोड़े गए निर्माणों को दोबारा बनवाने का निर्देश भी दिया गया है। हालांकि, सीबीआइ जांच के दायरे वाले हिस्से में हुई तोड़फोड़ भविष्य में संबंधित अधिकारियों के लिए भी परेशानी का कारण बन सकती है।
उपाध्यक्ष कार्यालय के आदेश पर उद्यान अनुभाग में तैनात वरिष्ठ लिपिक धर्मेंद्र गिरि और कनिष्ठ लिपिक अरविंद कश्यप को शशि कुमार भारती ने बीते 29 सितंबर को बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति के कार्यमुक्त कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव से पहले यूपी के किसानों को मिलेगा बड़ा तोहफा, सरकार ने तैयार किया तीन लाख करोड़ का महा प्लान
इसे भी गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए 14 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस में एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजने की चेतावनी दी गई है।
