लखनऊ में पुलिस भर्ती के लिए आए अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज
प्रशिक्षण तारीख घोषित करने की मांग कर अड़े पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज कर दिया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को धरना स्थल पर दौड़ा दौड़ाकर पीटा।
लखनऊ। प्रशिक्षण तारीख घोषित करने की मांग कर अड़े पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज कर दिया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को धरना स्थल पर दौड़ा दौड़ाकर पीटा। कई लोगों को चोटें भी आई, जबकि करीब एक दर्जन से अधिक अभ्यर्थियों ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। कई दिनों से पुलिस भर्ती-२०१३ के चयनित अभ्यर्थियों ने लक्ष्मण मेला स्थल पर मोर्चा खोल रखा था। धरना देने के बाद भी प्रशिक्षण की तारीख घोषित न होने से नाराज प्रदर्शनकारियों ने धरने के सातवें दिन शनिवार को सपा प्रदेश कार्यालय की ओर कूच किया। सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी धरना स्थल से थोड़ी दूर ही पहुंचे थे कि, पुलिस ने उनको रोक लिया। इस बीच पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प शुरू हो गई। बाद में एक प्रतिनिधिमंडल को सपा प्रदेश कार्यालय ले जाने के आश्वासन के बाद मामला शांत हो गया। आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सपा कार्यालय पहुंचकर मांगों का ज्ञापन दिया और धरना स्थल लौट आए। करीब दो घंटे के बाद अचानक पुलिस लक्ष्मण मेला स्थल पहुंचकर धरना समाप्त करने के लिए दबाव बनानी लगी। प्रदर्शन समाप्त न होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर जबरन प्रदर्शन समाप्त करा दिया। बाद में प्रदर्शनकारियों को चारबाग स्टेशन छोड़ दिया गया।