लखनऊ में सेतु निगम की लापरवाही ने ले ली मजदूर की जान, निर्माणाधीन पुल से गिरकर हुई मौत
लखनऊ में हैदरगंज पुल से गिरकर एक मजदूर की मौत बिना सुरक्षा व्यवस्था के हो रहा है काम।
लखनऊ, जेएनएन। हैदरगंज से चौक तक बन रहे पुल के निर्माण के दौरान सेतु निगम की लापरवाही ने एक मजदूर की जान छीन ली। टुड़ियागंज में यशोदा देवी इंटर कॉलेज के सामने बुधवार शाम को एक मजदूर निर्माणाधीन पुल से पैर फिसलने से नीचे जा गिरा। गंभीर हालत में उसे ट्रामा सेंटर लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। चर्चा है कि सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते हादसा हुआ।
फ्लाईओवर पर इन दिनों काम चल रहा है। पश्चिम बंगाल के नादिया में चापड़ा क्षेत्र का निवासी और शहर में चौक फूलमंडी में रह रहा बबलू विश्वास उर्फ छोटू पुल भी अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहा था। शाम करीब पांच बजे अचानक उसका पैर फिसला। जब तक लोग कुछ समझ पाते वह नीच गिरा। फिसलने के दौरान ऊपर पड़े लोहे के पल्ले भी साथ गिरा। बबलू इसीपल्ले से दब गया।
पुलिस ने चेताया था, अफसरों ने फिर भी न सुनी : साथी लेबर एजेंट निखिल विश्वास व अन्य ने लहूलुहान बबलू को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। सीओ चौक डीपी तिवारी ने बताया कि पुलिस ने सेतु निगम के अधिकारियों को पहले यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और मजदूरों के लिए जरूरी सुरक्षा उपकरणों का इंतजाम करने के लिए कहा था। हादसे में उनकी कमी नजर आती है।
हेलमेट न जाल, पुल के काम से सभी बेहाल
निर्माणाधीन पुल की साइट पर मजदूरों के लिए हेलमेट हैं और न ही कोई मजबूत जाल लगाए गए हैं। मजदूर हर समय जिंदगी दांव पर लगाकर काम करते हैं। पिछले दिनों एक राहगीर को विक्टोरिया स्ट्रीट पर बेरीकेडिंग से टकरा जाने की वजह से चोट लग गई थी। फिर भी सेतु निगम ने मानकों का पालन नहीं किया।