अर्द्धकुंभ का न्यौता लेकर देशभर में जाएंगे उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री,सबको बुलावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के मुताबिक सरकार के मंत्री कुंभ का निमंत्रण लेकर हर प्रदेश जाएंगे। कार्ययोजना भी बन चुकी है।
जेएनएन, लखनऊ। सरकार की मंशा है कि इस बार प्रयागराज में मकर संक्रांति से महाशिवरात्रि (15 जनवरी से चार मार्च) तक आयोजित भव्य और दिव्य कुंभ को पूरा देश देखे। इसके लिए सरकार और संगठन के स्तर से पहल भी शुरू हो गयी है। दो दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में घोषणा की थी कि सरकार के मंत्री कुंभ का निमंत्रण लेकर हर प्रदेश में जाएंगे। उनकी इस घोषणा पर अमल की कार्ययोजना भी बन चुकी है।
सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन
सरकार के मंत्री जिस प्रदेश में जाएंगे वहां के राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मिलकर उनको कुंभ का लोगो भेंट करने के साथ दुनिया के इस सबसे बड़े धार्मिक आयोजन में आने का निमंत्रण देंगे। पत्रकारवार्ता के जरिये वहां के लोगों को भी कुंभ और वहां श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए हो रही तैयारियों के बारे में बताकर प्रयागराज आने के लिए प्रेरित करेंगे।सरकार के अलावा संगठन भी अपने स्तर से कुंभ में अधिक से अधिक लोग आएं इसके लिए लगा है। संगठन की जिम्मेदारी होगी कि देश के हर गांव (करीब छह लाख) के कुछ लोगों का प्रतिनिधित्व हो।
केशव भोपाल और डॉ. दिनेश शर्मा जाएंगे गुजरात
कौन मंत्री किस प्रदेश में जाएगा इसकी सूची लगभग तैयार है। इस क्रम में उप मुख्यमंत्री-केशव प्रसाद मौर्य मध्य प्रदेश। उप मुख्यमंत्री-डॉ. दिनेश शर्मा-गुजरात। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही-झारखंड, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना-महाराष्ट्र, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य- पंजाब, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना-तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश, वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल-हरियाणा, पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी-बिहार, वन मंत्री दारा सिंह चौहान-असम, सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह-छत्तीसगढ़, पशुधन मंत्री एसपी सिंह बघेल-पश्चिमी बंगाल, ग्रामीण विकास मंत्री डा. महेंद्र सिंह-मणिपुर एवं मेघालय, आबकारी मंत्री जयप्रताप सिंह- तमिलनाडु, खेल मंत्री चेतन चौहान-उड़ीसा, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत-राजस्थान, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह-कर्नाटक, प्राविधिक एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री-आशुतोष टंडन उत्तराखंड, गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा- दिल्ली, भूमि विकास मंत्री उपेंद्र तिवारी-हिमाचल, पर्यटन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह-जम्मू-कश्मीर और विधि न्याय एवं सूचना राज्य मंत्री नीलकंठ तिवारी-त्रिपुरा जाकर वहां के राज्यपाल और मुख्यमंत्री को आमंत्रण देंगे। शुरुआत 24 दिसंबर को स्टांप मंत्री गोपाल दास नंदी गोवा से करेंगे।