यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
PM Modi Cabinet Reshuffle: लखीमपुर को 50 साल बाद मिला केंद्रीय मंत्री, अजय मिश्र ने तोड़ा मिथक
वर्ष 1971 में इंदिरा सरकार में खीरी के एमपी बालगोविंद वर्मा बने थे केंद्रीय मंत्री। उसके बाद इस मिथक को ...और पढ़ें

लखीमपुर, [धर्मेश शुक्ला]। बुधवार की शाम खीरी जिले की सियासत में एक नया अध्याय जोड़ने की गवाह बन गई। नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में मोदी सरकार के मंत्रियों के विस्तार में खीरी के सांसद अजय मिश्र टेनी का नाम शुमार हुआ तो जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। ये वही पल था जिसने खीरी जिले की सियासत में नया इतिहास रच दिया। पूरे पचास साल पहले इंदिरा गांधी की सरकार ने खीरी जिले से सांसद बालगोविंद वर्मा को वर्ष 1971 मेंं श्रम एवं पूर्नवास में उपमंत्री बनाया था। उसके बाद इस मिथक को पूरे पचास साल बाद भाजपा से खीरी के सांसद अजय मिश्र ने तोड़ दिया।
जिले में मंगलवार की शाम से ही सियासी हलचल तेज हो गई थी जैसे ही टेनी को अचानक दिल्ली तलब किया गया था। तबसे उनके केंद्रीय मंत्री बनने की अटकलें तेज हो गई थीं। बुधवार की शाम लगभग सात बजे जैसे ही सांसद टेनी ने शपथ ली जिले में भी उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। खीरी जिले की संसदीय सीट के लिए ये दूसरा मौका है जब यहां का सांसद केंद्रीय मंत्री बना हो। बुधवार की शाम सांसद के पूरे परिवार ने इस ऐतिहासिक पल को टीवी पर देखा और फूले नहीं समाए। शहर में भी जगह-जगह भाजपाइयों ने खुशी से गदगद होकर मिठाइयां बांटी और पटाखे दगाए।

संक्षिप्त परिचय
- नाम- अजय कुमार मिश्र टेनी
- पिता का नाम- श्री अंबिका प्रसाद मिश्र
- माता का नाम- श्रीमती प्रेमदुलारी
- जन्मतिथि- 25 सितंबर 1960
- शिक्षा- स्नातक कानपुर विश्वविद्यालय से
राजनीतिक सफर-
- 2005 में जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव जीता
- 2012 में निघासन विधानसभा क्षेत्र के विधायक बने
- 2014 में 16 वीं लोकसभा के सदस्य चुने गए, 2014 में ही कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय समिति के सदस्य बने।
- 2019 में 17वीं लोकसभा के भी सांसद चुने गए।
- 2021 में संसद रत्न के सम्मान से भी अलंकृत किए गए।
- इसके अलावा सांसद खीरी कई राष्ट्रीय स्तर की संसदीय समितियों के सम्मानित सदस्य रहे और भारत सरकार की ओर से दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों का भ्रमण भी किया।