भाषा विश्वविद्यालय और IIM मिलकर स्टार्टअप को देंगे नई उड़ान, उत्तर प्रदेश के स्टूडेंट्स को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर
भाषा विश्वविद्यालय के 17वें स्थापना दिवस पर आईआईएम लखनऊ के निदेशक ने स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमशीलता में सहयोग की घोषणा की।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
आईआईएम लखनऊ और भाषा विश्वविद्यालय स्टार्टअप में करेंगे सहयोग।
भाषाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने पर जोर दिया गया।
छात्रों ने स्मार्ट स्ट्रीट लाइट और रेन डिटेक्टर मॉडल दिखाए।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के 17वें स्थापना दिवस में मुख्य अतिथि शामिल हुए आइआइएम लखनऊ के निदेशक प्रो. एमपी गुप्ता ने कहा कि आइआइएम और भाषा विश्वविद्यालय मिलकर स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमशीलता के क्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए नए अवसर विकसित करेंगे। वर्तमान तकनीकी दौर में भाषाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जोड़कर आगे बढ़ने की जरूरत है।
इससे पहले कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने ‘एआई मंथन 1.0’ के तहत विद्यार्थियों द्वारा तैयार माडल और प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की सराहना की। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की अब तक की उपलब्धियों की समीक्षा के साथ भविष्य की प्राथमिकताएं तय करने का अवसर है।
समारोह में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत सामाजिक सरोकार और जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया। मोनिका तनेजा, कुलसचिव विकास, वित्त अधिकारी संतोष कुमार, डीन अकादमिक प्रो. सौबान सईद, प्रो. मसूद आलम, प्रो. हैदर अली, उपकुलसचिव मो. साहिल भी मौजूद थे।
कक्षाओं से कैंटीन तक लौटीं पुरानी यादें
स्थापना दिवस में शामिल हुए पर्व विद्यार्थियों ने पुरानी यादों का साझा किया। देर शाम आयोजित एल्युमनी मीट-कम-म्युजिकल इवनिंग में वर्षों बाद परिसर लौटे पूर्व विद्यार्थियों की पुरानी यादें फिर जीवंत हो उठीं। किसी ने अपनी पुरानी कक्षा में पहुंचकर छात्र जीवन के किस्से साझा किए तो किसी ने दोस्तों के साथ कैंटीन में बैठकर बीते दिनों को याद किया।
बिजली की बचत करेगी स्मार्ट स्ट्रीट लाइट
प्रदर्शनी में गौरव, समीर विश्वकर्मा और मुहम्मद समीर खान ने बिजली की बचत करने वाले स्मार्ट स्ट्रीट लाइट का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। समीर ने बताया कि सड़क के किनारे दिन में भी कभी-कभी स्ट्रीट लाइटें जलती हैं, जिससे बिजली खर्च होती है। मॉडल में उजाला होते ही लाइट बंद हो जाएगी और अंधेरा होते ही प्रकाश आधा होगा, लेकिन जैसे ही कोई वाहन 100 मीटर पहले दिखते ही वह पूरी तरह से जल जाएगी।
‘लोकल रेन वाटर डिटेक्टर’ बताएगा आपके घर के पास कब होगी बारिश
शहर में मौसम कैसा रहेगा इसका अनुमान तो सैटेलाइट से पता चल जाता है लेकिन आपके मुहल्ले में बारिश कब होगी, इसकी जानकारी मिल जाएगी। भाषा विश्वविद्यालय के बीटेक विद्यार्थियों कमलेश यादव, मुहम्मद असद, शहजान ने लोकल रेन वाटर डिटेक्टर का माडल बनाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
यह भी पढ़ें- 16 साल की रागिनी का बड़ा कारनामा, कुशीनगर के तीन यूथ क्लबों से जुड़े 150 से अधिक ग्रामीण युवा
असद ने बताया कि अभी प्राथमिक माडल है, इसको और विस्तारित किया जाएगा। किसान और आम नागरिक उपकरण का उपयोग करके आसपास बारिश के पूर्वानुमान को जान सकते हैं।
