थाने से टरकाती रही पुलिस, दुष्कर्म के बाद हो गई बच्ची की हत्या
ठाकुरगंज क्षेत्र में हुई दुस्साहसिक वारदात, शनिवार रात से लापता थी बच्ची। शिकायत पर पुलिस ने थाने से भगाया। घटनास्थल पर मिले नशीले इंजेक्शन, चेहरे और गले पर मिले खरोच के निशान।
लखनऊ, (जेएनएन)। राजधानी पुलिस का संवेदनहीन चेहरा एक बार फिर सामने आया। ठाकुरगंज पुलिस लापता हुई मासूम बच्ची के परिवारीजनों को टरकाती रही और उधर, दरिंदे ने उसकी दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी। बच्ची का शव बंधा रोड पर झाडिय़ों में मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से दो नशीले इंजेक्शन और एक सिरिंज बरामद किया है। परिवारीजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया।
मूल रूप से सीतापुर के तंबौर क्षेत्र निवासी फल विक्रेता यहां ठाकुरगंज स्थित एक हाते में पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं। साथ में ही उनके ससुर और दो साले भी रहते हैं। उनकी आठ साल की बच्ची क्षेत्र स्थित स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा थी। फल विक्रेता ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे बच्ची घर से निकली थी। देर तक न लौटने पर उसकी खोजबीन शुरू की गई पर कुछ पता न चला। सुबह करीब साढ़े नौ बजे कुछ बच्चे बंधा रोड किनारे क्रिकेट खेल रहे थे। उन्होंने झाडिय़ों में बेटी का शव पड़ा होने की सूचना दी। सूचना के डेढ़ घंटे बाद पुलिस पहुंची तो परिवारीजन हंगामा करने लगे। बवाल बढ़ता देख सीओ चौक दुर्गा प्रसाद तिवारी, एएसपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी, ठाकुरगंज इंस्पेक्टर अंजनी पांडेय, इंस्पेक्टर सआदतगंज, नाका, बाजारखाला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए। पुलिस ने हत्यारोपित की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
पुलिस पर टरकाने का आरोप
मृतका के जीजा ने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। उधर, सूचना पर सपा के पूर्व मंत्री और कई समाजिक संगठन मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीडि़त परिवारीजनों के लिए मुआवजे की मांग और हत्याकांड का खुलासा करने की बात कही।
सिर पर किया प्रहार, दुष्कर्म के बाद गला दबाकर मारा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। दरिंदे ने बच्ची को गला दबाकर मारा है। इसके अलावा सिर पर चोट का भी निशान है। बच्ची के चेहरे और गले पर नाखून से खरोंच के निशान हैं। इसके अलावा प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट है। आशंका जताई जा रही है कि दरिंदे ने बच्ची के सिर पर पीछे प्रहार कर उसे अचेत कर दिया, फिर दुष्कर्म किया और गला घोटकर मार दिया।