विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सपा के साथ सीट बंटवारे के खींचतान पर बोले मल्लिकार्जुन खरगे- बना रहेगा कांग्रेस और एसपी का गठबंधन

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:50 AM (GMT+05:30)

मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस-सपा गठबंधन के बने रहने की पुष्टि की और नेताओं को अहंकार छोड़कर भाजपा को हराने पर ध्यान केंद्रित करने की नसीहत दी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की फाइल फोटो। (जागरण आर्काइव)

 कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की फाइल फोटो। (जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. खरगे ने कांग्रेस-सपा गठबंधन के जारी रहने की पुष्टि की।

  2. नेताओं को अहंकार छोड़कर भाजपा को हराने की नसीहत दी।

  3. संविधान रक्षा मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को स्पष्ट तौर पर कहा कि गठबंधन बना रहेगा।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं को नसीहत भी दी कि सपा के साथ मिलकर हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हराना है, इसलिए कोई भी नेता अहंकार न पाले बल्कि गठबंधन में तालमेल बनाकर चले। आपसी लड़ाई से हम जीत से दूर होंगे। हमें अपनों से नहीं बल्कि बाहर के दुश्मनों से लड़ना है।

संविधान दिवस पर प्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि डा. भीम राव आंबेडकर को कांग्रेस ने संविधान सभा में शामिल कराया था। कांग्रेस ने बाबा साहेब द्वारा तैयार किए गए संविधान के अनुसार सभी नागरिकों को वोट का अधिकार दिलाया था, लेकिन भाजपा उसे छीन रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा वोट चोरी के साथ श्रीराम के नाम पर आने वाला चंदा चोरी भी कर रही है।

कहा कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन भाजपा को हराने के लिए हुआ है, लेकिन भाजपा और मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार का गठबंधन वोट चोरी के लिए किया गया है। राहुल गांधी ने निडर होकर हर मोर्चे पर भाजपा को घेरा है। आज अगर भाजपा किसी से डरती है तो राहुल से। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा कहती थी अबकी बार 400 पार, लेकिन भाजपा के अश्वमेघ यज्ञ के रथ को उत्तर प्रदेश के लोगों ने संविधान की रक्षा के लिए रोक दिया।

उन्होंने महंगाई व बेरोजगारी को लेकर कहा कि आम नागरिक परेशान है और भाजपा के खाते में 10 हजार करोड़ रुपये आ गए हैं। भाजपा ईडी और सीबीआइ का इस्तेमाल कर डकैती डाल रही है। 47 मिनट के संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज देश को डर नहीं भरोसा चाहिए, बराबरी का सम्मान चाहिए।

भाजपा सरकार डर के हमें मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी। यहां की सरकार का डबल इंजन कमजोर हो गया है। अब कांग्रेस का इंजन काम करेगा। कांग्रेसजनों को प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद, राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, बृज लाल खाबरी सहित तमाम नेताओं ने संबोधित किया।

संबोधन समाप्त करने के बाद खरगे संविधान रक्षा मार्च में शामिल हुए बिना ही पार्टी मुख्यालय से निकल गए। इमरान भी रक्षा मार्च में नहीं शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने लिया हिरासत में

खरगे के जाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में निकाले गए ‘संविधान रक्षा मार्च’ को पुलिस ने पार्टी मुख्यालय से 100 मीटर दूरी पर ही रोक लिया। करीब आधे घंटे तक पुलिस और कांग्रेस नेताओं में धक्का-मुक्की होती रही। जिला प्रशासन की अनुमति के बिना मार्च निकालने को लेकर पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व प्रभारी सहित तमाम नेताओं को हिरासत में ले लिया।

यह भी पढ़ें- यूपी में सीट बंटवारे पर रार के बीच कांग्रेस नेताओं को खरगे की नसीहत, बोले- अहंकार छोड़ें... गठबंधन में आपसी लड़ाई घातक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।