विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'खादी महोत्सव-2026' में बिक्री ने पकड़ी रफ्तार, रविवार को उमड़ी खरीदारों की भीड़

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:20 PM (IST)

लखनऊ में आयोजित 10 दिवसीय 'खादी महोत्सव-2026' में बिक्री ने रफ्तार पकड़ ली है, रविवार को भारी भीड़ के कारण अब तक ₹61.24 लाख की बिक्री दर्ज की गई है। यह महोत्सव खादी उत्पादों को बढ़ावा देने, कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराने और स्वरोजगार को प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

सांकेतिक तस्‍वीर

सांकेतिक तस्‍वीर

HighLights

  1. लखनऊ खादी महोत्सव 2026 में ₹61.24 लाख की बिक्री।

  2. रविवार को भारी भीड़ उमड़ी, खादी उत्पादों की रही मांग।

  3. बच्चों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता, किड्स फैशन शो आयोजित।

डिजिटल डेस्‍क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय प्रांगण में "धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति" की थीम पर आयोजित 10 दिवसीय राज्य स्तरीय 'खादी महोत्सव-2026' में बिक्री ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। आगामी 06 दिसम्बर 2026 तक चलने वाले इस महोत्सव में रविवार का अवकाश होने के कारण खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसके चलते प्रदर्शनी में अब तक लगभग ₹61.24 लाख की बिक्री दर्ज की जा चुकी है।

खादी की पारंपरिक कला और शिल्प को प्रदर्शित करने तथा खादी उत्पादों को लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से योगी सरकार द्वारा आयोजित इस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए उद्यमियों एवं इकाइयों द्वारा 150 से अधिक आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। रविवार को प्रदर्शनी में आगंतुकों का निरंतर आना जारी रहा और लोग स्टालों पर अपनी पसंद के सामानों की खरीदारी करते नजर आए।

महोत्सव में स्वराज आश्रम कानपुर द्वारा निर्मित खादी के विभिन्न प्रकार के वस्त्रों जैसे कुर्ता-पायजामा, सदरी और कोट के साथ-साथ भदोही के कार्पेट की लोगों में काफी मांग रही। इसके अतिरिक्त मिट्टी से बने विभिन्न प्रकार के कलात्मक बर्तनों एवं खिलौनों ने भी आगंतुकों को खूब आकर्षित किया। उत्पादों की अच्छी बिक्री होने से दूर-दराज से आए उद्यमियों एवं हस्तशिल्पियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर ने बताया कि उद्यमियों एवं आगंतुकों की मांग को देखते हुए गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में 'खादी महोत्सव-2026' का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य खादी को जन-जन तक पहुंचाना, ग्रामोद्योगी उत्पादों को प्रोत्साहन प्रदान करना, स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप बाजार उपलब्ध कराना तथा युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है।

महोत्सव के अंतर्गत रविवार को बच्चों के लिए 'पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता' का आयोजन किया गया, जिसमें जूनियर तथा सीनियर संवर्ग के बच्चों ने पोस्टर पर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जूनियर संवर्ग में कुमारी जिनिशा सेन ने प्रथम, शिवांश यादव ने द्वितीय तथा प्रणव शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार सीनियर संवर्ग में कुमारी तृषा यादव ने प्रथम, कुमारी दिव्यांशी कश्यप ने द्वितीय तथा कुमारी अराधना ने तृतीय स्थान हासिल किया।

उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी वी. के. श्रीवास्तव ने विजेता बच्चों को पुरस्कार स्वरूप मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए, जबकि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले अन्य बच्चों को भी प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का संचालन दीप प्रकाश द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में 'किड्स फैशन शो' का भी आयोजन किया गया, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने रैंप पर अपने अलग ही अंदाज में जलवा बिखेरा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।