विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

KGMU के नर्सिंग अधीक्षक और दोस्त को शराब पार्टी में विवाद के बाद पीटा, अधमरी हालत में घाघरा नदी में फेंका

Published: Fri, 02 Oct 2026 11:03 AM (IST)

केजीएमयू के नर्सिंग अधीक्षक पवन कुमार गर्ग और उनके दोस्त सचिन शराब पार्टी में विवाद के बाद लापता हो गए।

KGMU के नर्सिंग अधीक्षक को तलाशने में जुटी पुलिस।

KGMU के नर्सिंग अधीक्षक को तलाशने में जुटी पुलिस।

HighLights

  1. केजीएमयू नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग दोस्त संग लापता।

  2. शराब पार्टी में विवाद के बाद मारपीट हुई।

  3. अधमरी हालत में घाघरा नदी में फेंके जाने का शक।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। केजीएमयू के आर्थोपेडिक विभाग के नर्सिंग अधीक्षक पवन कुमार गर्ग के लापता होने के मामले में पुलिस की जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर की रात पवन अपने मित्र सचिन के साथ कार से इटौंजा की ओर गए थे।

इटौंजा टोल प्लाजा की सीसी फुटेज में रात उनकी कार टोल पार करती दिखाई दी। इसके बाद दोनों लुधौली गांव में कुछ दोस्तों के साथ शराब पार्टी में पहुंचे। वहां विवाद के बाद मारपीट में पवन के गंभीर रूप से घायल होने की बात सामने आई है। पुलिस अब सीतापुर-बहराइच सीमा पर घाघरा नदी में दोनों की तलाश कर रही है।

मड़ियांव के केशव नगर निवासी पवन कुमार गर्ग 27 सितंबर की रात कार से घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटे तो स्वजन ने तलाश शुरू की। मोबाइल बंद मिलने पर 29 सितंबर को मड़ियांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। जांच में उनकी कार के लखनऊ-सीतापुर मार्ग की ओर जाने की जानकारी मिली।

इटौंजा टोल की फुटेज में कार चलाते व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट नहीं है। हालांकि पुलिस ने उसके कपड़ों का मिलान पवन के कपड़ों से किया है। चालक की बगल वाली सीट पर एक युवक भी बैठा दिखाई दे रहा है।

मंगलवार को सीतापुर के कमलापुर क्षेत्र में जयरामपुर मार्ग पर चदेहरा बाजार के पास पवन की कार लावारिस हालत में बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया तो उन्होंने बताया कि 27 की रात उन्होंने पवन के साथ शराब पार्टी की थी।

वहीं पर विवाद हुआ था, इसके बाद साथियों के साथ मिलकर पवन और उनके साथी सचिन को पीटकर मरणासन्न कर दिया था। दोनों को घायल अवस्था में कार में छिपाया और अगले दिन सीतापुर-बहराइच सीमा के पास नदी में फेंक दिया। पुलिस ने कार बरामद कर ली है। घाघरा नदी में दोनों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। फायर विभाग और एसडीआरएफ की भी मदद ली जा रही है।

यह भी पढ़ें- घाघरा नदी में छोड़ा गया छह लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी, बाराबंकी में सरयू नदी में समाई मस्जिद