घाघरा नदी में छोड़ा गया छह लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी, बाराबंकी में सरयू नदी में समाई मस्जिद
Flood Situation in Barabanki: रविवार सुबह एल्गिन ब्रिज पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से महज तीन सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया।

एसडीएम आकांक्षा गुप्ता के साथ एडीएम और सीडीओ ने किया निरीक्षण
HighLights
सरयू नदी के उफान से हेतमापुर गांव में मंदिर पर मंडराया खतरा
नेपाल के चार बैराजों से 4.14 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से बढ़ी चिंता
मंदिर से महज दो फीट दूर धारा, बेलहरी, बबुरी, सनावा, करोनी गांव में कटान
एसडीएम आकांक्षा गुप्ता के साथ एडीएम और सीडीओ ने किया निरीक्षण
जागरण टीम, बाराबंकी : नेपाल के चार बैराजों से लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने से बाराबंकी के रामनगर में कई जगह कटान बढ़ गई। यहां के हेतमापुर गांव में नदी उफान पर है। इसकी कटान की चपेट में आने से मस्जिद पानी में समा गई, जबकि मंदिर के साथ पीएचसी व पशु अस्पताल पर खतरा है।
हेतमापुर में खेत और तटवर्ती क्षेत्र कटान की जद में हैं। यहां चार दिन से लगातार हो रही बारिश और बैराजों से छोड़े गए नेपाल के पानी ने सरयू के तेवर तल्ख कर दिए हैं। रविवार सुबह एल्गिन ब्रिज पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से महज तीन सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया। रविवार सुबह छह बजे एल्गिन ब्रिज पर नदी का जलस्तर 106.040 मीटर दर्ज किया गया।
यह चेतावनी बिंदु 105.070 मीटर से काफी ऊपर है और खतरे के निशान 106.070 मीटर से महज तीन सेंटीमीटर नीचे है। नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज कटान से रामनगर के हेतमापुर में हालात गंभीर हो गए हैं। यहां कटान की चपेट में आकर मस्जिद सरयू में समा गई, जबकि पास स्थित मंदिर भी खतरे की जद में है। नदी की धारा मंदिर से अब महज दो फीट दूर बताई जा रही है।
नेपाल और पहाड़ी क्षेत्रों से शारदा बैराज, गिरिजा बैराज, सरयू और सुहेली बैराज से कुल चार लाख 14 हजार 769 क्यूसेक पानी छोड़े जाने का असर सरयू के जलस्तर पर साफ दिखाई दे रहा है। पूर्व में कराए गए हेतमापुर में कटानरोधी कार्य भी नदी के तेज बहाव के सामने प्रभावी नहीं दिख रहे हैं। हेतमापुर के अलावा बेलहरी, सिरौलीगौसपुर के बबुरी, सनावा और करोनी तथा रामसनेहीघाट क्षेत्र के खेतासराय, गुनौली और चिर्रा में खेतों और तटवर्ती जमीन पर कटान तेज हो गया है। ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
एडीएम ने हेतमापुर पहुंचकर लिया जायजा
सरयू के बढ़ते जलस्तर और कटान की सूचना पर अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह व सीडीओ पंकज वर्मा ने रविवार को हेतमापुर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मस्जिद नदी में समा गई है। मंदिर के करीब जलस्तर पहुंच चुका है। उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने तथा भोजन समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिए। सीओ जगतराम कनौजिया, अधिशासी अभियंता बाढ़ शशिकांत सिंह मौजूद रहे।
