विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केजीएमयू के डिप्टी रजिस्ट्रार ने दिया इस्तीफा, प्राइवेट प्रैक्टिस के आरोपित डॉक्टर ने छोड़ा पद

Published: Fri, 21 Aug 2026 08:26 PM (IST)

KGMU: फिजियोलॉजी विभाग के सीनियर प्रोफेसर डॉ. संदीप भट्टाचार्या के खिलाफ बीती 21 मई को आईआईएम रोड निवासी एफबी सिंह ने प्राइवेट प्रैक्टिस की शिकायत दर्ज कराई थी। 

किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी

किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी 

HighLights

  1. डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ.संदीप भट्टाचार्या की प्राइवेट प्रैक्टिस करने की हुई थी शिकायत

  2. एनाटामी विभाग की डॉ ज्योति चोपड़ा को सौंपा गया डिप्टी रजिस्ट्रार पद का अतिरिक्त प्रभार

जागरण संवाददाता, लखनऊ। किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में प्राइवेट प्रैक्टिस के आरोपित डॉ. संदीप भट्टाचार्या ने डिप्टी रजिस्ट्रार के पद से इस्तीफा दे दिया है। संस्थान प्रशासन ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है।

अब डिप्टी रजिस्ट्रार पद का अतिरिक्त प्रभार एनाटामी विभाग की डॉ. ज्योति चोपड़ा को सौंपा गया है। कुलपति के निर्देश पर पांच सदस्यीय कमेटी प्राइवेट प्रैक्टिस के आरोप की जांच कर रही है। फिजियोलॉजी विभाग के सीनियर प्रोफेसर डॉ. संदीप भट्टाचार्या के खिलाफ बीती 21 मई को आईआईएम रोड निवासी एफबी सिंह ने प्राइवेट प्रैक्टिस की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने भले ही डिप्टी रजिस्ट्रार के पद से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन उनके खिलाफ निजी प्रैक्टिस के आरोपों की जांच जारी रहेगी। शिकायतकर्ता का बयान दर्ज कर अब रिपोर्ट कुलपति को सौंपी जाएगी।

प्रोफेसर पर केजीएमयू एक्ट और सेवा नियमों का उल्लंघन कर प्राइवेट प्रैक्टिस आरोप लगाया गया था। उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल और जन भवन को भी शिकायती पत्र भेजा गया था। जन भवन और मेडिकल काउंसिल की ओर से केजीएमयू की कुलपति को पत्र भेजकर मामले की जांच के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई।

कमेटी ने आरोपित प्रोफेसर का बयान दर्ज किया। 45 मिनट के बयान में कमेटी ने उनसे 25 से अधिक सवाल पूछे। शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों और अन्य सामग्री पर भी जवाब मांगा गया। फोटो, मरीजों के पर्चे, जांच रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की गई है। सूत्रों के मुताबिक, प्रोफेसर ने कुछ साक्ष्यों पर आपत्ति जताई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।