केशव प्रसाद मौर्या ने कहा-2019 में भाजपा को मिलेगा यादव समाज का समर्थन
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को यादव समाज का समर्थन मिलेगा। केशव प्रसाद मौर्य ने यादव नेता और कार्यकर्ताओं के साथ कल बैठक की।
लखनऊ (जेएनएन)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में इन दिनों पिछड़ा वर्ग को सहेजने में जुटी है। पिछड़ा वर्ग को अपने पाले में रखने की जिम्मेदारी प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या के पास है। इसी क्रम में वह बीते 15 दिन से विभन्न जाति सम्मेलन का आयोजन कर रहे हैं।
लखनऊ में कल भारतीय जनता पार्टी के यादव सम्मेलन में भी भारी भीड़ जुटी। इसको देखकर बेहद उत्साहित सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को यादव समाज का समर्थन मिलेगा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यादव नेता और कार्यकर्ताओं के साथ कल बैठक की। इसके बाद उन्होंने कहा कि यदुवंशी (यादव समाज) भाजपा के साथ है। केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि प्रदेश का 54 फीसदी पिछड़ा कृष्णवंशी है और ऐसे में भाजपा पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन्हें अपने साथ लाने में कामयाब रहेगी। उन्होंने कहा कि हमारे विधायक व नेता बड़ी संख्या में पिछड़े वर्ग के हैं।
पिछड़े वर्ग को संवैधानिक दर्जा देकर भाजपा सरकार ने इस वर्ग का सम्मान किया है। इस दौरान केशव प्रसाद ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कहा कि जो चाचा का नहीं हो सका वो बुआ का क्या होगा। अखिलेश यादव तो अपने कुनबे का नहीं हुआ वह और किसी का क्या होगा। केशव मौर्य ने माना कि मिशन 2014 के पीछे भी यादव थे और मिशन 2017 के पूरा होने में भी यदुवंशियों का योगदान था। उन्हें पूरा भरोसा है कि 2019 में भाजपा को यादवों का पूरा समर्थन मिलेगा।
भाजपा के पिछड़ा वर्ग प्रतिनिधि सम्मेलन में कल बारी यादवों की थी। समाजवादी पार्टी के परंपरागत वोट मानी जाने वाली इस बिरादरी को अगले आम चुनाव में पार्टी के पक्ष में करने के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से लेकर अन्य वक्ताओं ने जमकर कसीदे पढ़े। मौर्य ने तो यहां तक कह दिया कि वर्ष 2014 का चुनाव हमने यदुवंशियों के भरोसे ही जीता था। 2019 में इनका पहले से अधिक सहयोग मिलेगा। जिन-जिन बूथों पर इस समाज के लोगों की बहुलता है, वहां के अधिकांश मत भाजपा को मिलेंगे। ऐसे में रिकार्ड जीत होनी तय है।
विश्वेश्वरैया भवन में आयोजित कार्यक्रम में केशव प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ की। मौर्य ने कहा कि यह लोकतंत्र है। इसमें सबको अपनी बात कहने का हक है। अब किसने क्या कहा, इसका मूल्यांकन आपको करना है। किसी के भी बहकावे में आने की बजाय सच को जानें और उसी आधार पर नेतृत्व का चयन करें।
केशव ने कहा कि सच यही है कि मोदी ने गरीबों को केंद्र में रखकर बिना भेदभाव के पूरी पारदर्शिता के साथ सबका विकास किया है। उनके नेतृत्व में आज भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनने की ओर अग्रसर है। हर कार्यकर्ता अगर पार्टी को अपना समझकर काम करे तो दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी का किसी से कोई मुकाबला ही नहीं है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंशी ने कहा कि भाजपा ही यादवों की मूल पार्टी है। कार्यक्रम में समाज के सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि भाजपा को भले ही पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में पिछड़ों का अपार समर्थन मिला हो, लेकिन उपचुनाव में मिली हार के बाद बीजेपी फूंकफूंक कर कदम रख रही है। यही कारण है कि यूपी के डिप्टी सीएम हर एक जाति के साथ अलग सम्मेलन कर रहे हैं। यादव सम्मेलन भी इसी रणनीति का हिस्सा है, जिसमें भाजपा की नजर नौ फीसदी यादव वोट बैंक पर है, जो समाजवादी पार्टी का वोटर कहलाते हैं।
भाजपा के पोस्टर में कृष्ण-अर्जुन की भूमिका में भूपेंद्र यादव और सीएम योगी आदित्यनाथ
लोकसभा चुनाव से पहले हर पार्टी जातिगत समीकरणों को बैठाने में जुट गई है। उत्तर प्रदेश में भी जातिगत ध्रुवीकरण तेज करने की कोशिश है। केंद्र व राज्य की सत्ता में काबिज भाजपा भी इसमें पीछे नहीं है। अब समाजवादी पार्टी के वोटबैंक यादवों में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश में कई पोस्टर भी नजर आ रहे हैं।
पोस्टर में श्रीकृष्ण रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद भुपेंद्र यादव तथा अर्जुन की भूमिका में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नजर आ रहे हैं। बीते कुछ दिन से पार्टी की ओर कई ऐसे कदम उठाए गये हैं जिससे ऐसा लगता है कि वह दूसरी पार्टियों के परंपरागत वोटबैंक को अपमे पाले में लाने की कोशिश कर रही है।