Move to Jagran APP

UP Politics: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में केशव प्रसाद मौर्य बोले- सरकार से बड़ा संगठन, कार्यकर्ता हमारा आधार

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2017 में किसी को इस बात का विश्वास नहीं था कि हम उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएंगे लेकिन संगठन कार्यकर्ताओं के संबल और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाई। यह जीत इतिहास में दर्ज हो गई।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Sun, 29 May 2022 11:44 PM (IST)Updated: Sun, 29 May 2022 11:44 PM (IST)
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को इस बात का आभास होना चाहिए कि कार्यकर्ता हमारा आधार है और संगठन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। संगठन सरकार से बड़ा होता है। संगठन होगा, तभी सरकार संभव है। उन्होंने कहा कि हम 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार में काबिज हुए।

loksabha election banner

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2017 में किसी को इस बात का विश्वास नहीं था कि हम उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएंगे, लेकिन संगठन, कार्यकर्ताओं के संबल और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाई। यह जीत इतिहास में दर्ज हो गई। इसी तरह 2019 के लोकसभा चुनाव को भी बहुत कठिन बताया गया। सपा-बसपा के गठबंधन के बाद भी कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा के बल पर फिर से विजयी हुए। 2022 के विधानसभा चुनाव में देश विरोधी ताकतें भी सक्रिय हुईं। कहा गया कि यूपी में भाजपा को रोक लिया तो दिल्ली में मोदी को रोक लेंगे। नतीजा सबके सामने है, हमने फिर से सरकार बनाई।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हम मुद्दों पर चुनाव लड़ते हैं, विपक्षी झूठे वादों के दम पर चुनाव में उतरे थे। जनता पर हमारे कार्यकर्ताओं के परिश्रम और मोदी के मजबूत नेतृत्व का जादू चला। भाजपा को फिर से गरीब कल्याण के काम करने के लिए जनता ने अवसर दिया है। अब 2024 के लोकसभा चुनाव के में फिर से हमें परिश्रम की पराकाष्ठा करनी है। इस बार 75 प्लस का संकल्प लिया है। इस बार लड़ाई केवल विपक्षियों से ही नहीं है, बल्कि देश विरोधी और समाज विरोधी तत्वों से भी है।

गांधी का नाम लिया, लेकिन आचरण न ले पाया परिवार : उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गांधी परिवार को निशाने पर लिया। कहा कि कांग्रेस को चलाने वाले परिवार ने गांधी का नाम तो ले लिया, लेकिन उनका आचरण और कार्यों से सीख नहीं ली। वहीं, हमारी सरकार ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के संकल्पों को चरितार्थ करते हुए न सिर्फ कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35 ए को हटाया, बल्कि गरीब कल्याण की दिशा में अप्रतिम काम भी किए हैं। भाजपा शासन में गरीब कल्याण की बातें कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर उतारी गईं। यह ऐसा सुअवसर है, जब हम प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में सुशासन की आठवीं वर्षगांठ मना रहे हैं। कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि बताते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में फिर से मोदी सरकार बनवाने में जुटना होगा। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी तो सबसे पहले जो लक्ष्य हमने तय किया, वह कानून का राज स्थापित करने का था। यह बहुत बड़ी चुनौती थी। सबको पता है कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कैसी शासन व्यवस्था थी। गुंडे, माफिया सरकार का हिस्सा थे। न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती थी। हमने सख्ती से कानून का राज स्थापित किया। गरीबों, महिलाओं, युवाओं को उनका हक दिलाया।

दुनिया में मोदी और देश में योगी का डंका : राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि दुनिया के चप्पे-चप्पे में प्रधानमंत्री मोदी और देश के चप्पे-चप्पे में मुख्यमंत्री योगी के नाम का डंका बज रहा है। अभी जापान में क्वाड की बैठक में मोदी के नेतृत्व को पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। यूपी में सुशासन, गरीब कल्याण और बेहतर कानून व्यवस्था से प्रदेश में लोग सुखमय जीवन व्यतीत कर रहे हैं, जिसके लिए योगी की जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम है। उन्होंने कहा कि जनता ने दोबारा हमें सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के एजेंडे पर काम करने के लिए आशीर्वाद दिया है। इसके पीछे हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं की टीम को कोटि-कोटि धन्यवाद और आभार करना ही चाहिए। कोरोना की विभीषिका में बेहतर ढंग से काम करने के लिए योगी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि यूपी के कोरोना प्रबंधन की दुनिया भर में तारीफ हुई। सरकार की गरीब कल्याण की नीतियों और सुशासन से दो तिहाई बहुमत मिला है। चुनाव खत्म हो गया है, लेकिन हमारे दल का काम जारी रहेगा। हम सेवा के अपने संकल्प को लेकर आगे चलते रहेंगे। विधानसभा चुनाव केवल एक पड़ाव भर है।

भाजपा की विजय, शोषणकारी राजनीति पर राष्ट्रवाद की जीत : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के संकल्प-समर्पण से उत्तर प्रदेश विधासभा चुनाव में जो ऐतिहासिक विजय भाजपा को मिली है, इसके लिए हमें संगठन सूत्र के साथ संगठन सूत्रधार का अभिवादन करना होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, गृहमंत्री अमित शाह, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह और प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के प्रति आभार जताया। कहा कि यह ऐतिहासिक विजय, यह अभूतपूर्व विजय वंशवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण की शोषणकारी राजनीति पर राष्ट्रवाद और लोकतांत्रिक राजनीति की विजय है। इस जीत के हकदार भाजपा संगठन के तमाम देवतुल्य कार्यकर्ता हैं, जिनके अथक परिश्रम से भाजपा को विजयश्री मिली है। अब हमारी नवनिर्वाचित सरकार अपने नए बजट के साथ लोक कल्याण संकल्प पत्र को गीता की तरह पूज्य मानकर गांव-गांव विकास की नई धारा बहाने को तैयार है। स्वतंत्रदेव ने कहा कि भाजपा ने न केवल विधानसभा चुनावों में पूर्ण बहुमत प्राप्त किया, बल्कि पहली बार विधान परिषद चुनावों में बहुमत पाया है।

यह भी पढ़ें : सभी लोकसभा क्षेत्र में 125 बूथ मजबूत करेगी भाजपा, प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बनी रणनीति


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.