विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 07, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कानपुर-आगरा को जल्द मिलेगी मेट्रो की सौगात, 350 करोड़ रुपयों से पकड़ेगी रफ्तार

By Anurag GuptaEdited By:
Published: Thu, 07 Feb 2019 03:41 PM (IST)Updated: Fri, 08 Feb 2019 08:50 AM (IST)

लखनऊ मेट्रो की तरह कानपुर व आगरा में भी जल्द मेट्रो का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।

कानपुर-आगरा को जल्द मिलेगी मेट्रो की सौगात, 350 करोड़ रुपयों से पकड़ेगी रफ्तार
कानपुर-आगरा को जल्द मिलेगी मेट्रो की सौगात, 350 करोड़ रुपयों से पकड़ेगी रफ्तार

लखनऊ, जेएनएन। लखनऊ मेट्रो की तरह कानपुर व आगरा में भी जल्द मेट्रो का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। जी हां जिस तरह से राज्य व केंद्र सरकार ने छह फरवरी को दोनों जिलों को पीआईबी क्लीयरेंस दिया और सात फरवरी को 175 करोड़ देकर काम की शुरुआत कर दी है, इससे साफ हो गया है कि डीपीआर के मुताबिक ही लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन इन दोनों जिलों में काम को अंजाम तक पहुंचाएगा। क्योंकि लखनऊ में नार्थ साउथ कारिडोर का संचालन समय से पहले जो शुरू होने जा रहा है।

पिछले एक साल से कानपुर व आगरा डीपीआर की फाइल शहरी विकास मंत्रालय के चक्कर काट रही थी। कई संशोधन किए गए, कास्ट कटिंग भी हुई, लेकिन लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन की टीम ने हार नहीं मानी और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए काम करती रही। खासबात है कि वाराणसी, झांसी, मेरठ, प्रयागराज व गोरखपुर में मेट्रो के लिए 150 करोड़ प्रारंभिक काम के लिए मिले हैं। इन पैसों से उक्त जिलों में मेट्रो का डीपीआर सहित अन्य काम हो सकेंगे। उद्देश्य है कि आने वाले चंद सालों में यहां भी काम शुरू हो सके।

अगस्त 2019 से काम शुरू होने की उम्मीद

कानपुर व आगरा में मेट्रो का काम जमीन पर अगस्त 2019 से शुरू हो जाएगा। लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन को राज्य से जहां अंश दान मिलना शुरू हो गया है, वहीं केंद्र से भी जल्द उम्मीद है। मेट्रो अफसर दावा करते हैं कि यह इतनी राशि है कि उससे दोनों जिलों में काम की शुरुआत जरूर की जा सकती है। पीआईबी मिलने से विदेशी बैंक का भी सहारा लिया जाएगा। ऐसे में कहा जा सकता है कि मार्च में टेंडर और फिर टेक्निकल व फाइनेंशियल बिड की प्रकिया अपनाई जाएगी। जुलाई से कंपनियां आनी शुरू हो जाएगी और अगस्त से जमीन पर काम शुरू हो जाएगा। बशर्ते इसके लिए बजट आड़े न आए।

एक नजर में

कानपुर मेट्रो :175 करोड़

आगरा मेट्रो : 175 करोड़

वाराणसी, मेरठ, गोरखपुर, प्रयाग व झांसी मेट्रो : 150 करोड़