जापानी जोड़े ने हिंदू रीति से रचाया विवाह, लखनऊ के राधा-कृष्ण मंदिर में हुए समारोह में बच्चे भी बने साक्षी
Japanese Pair Married With Hindu Tradition: भारतीय विवाह संस्कारों में पारिवारिक जुड़ाव, जीवनभर साथ निभाने का संकल्प और आध्यात्मिक परंपराओं का विशेष महत्व है। यही विशेषताएं दूसरे देशों के लोगों को भी आकर्षित कर रही है।

राधा-कृष्ण मंदिर में फेरे लेते हिरो चिहारा और शिजु
HighLights
जापान के हिरो चिहारा और शिजु ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लिए सात फेरे
गोमतीनगर, विवेक खंड के राधा-कृष्ण मंदिर में निभाई सनातन परंपरा
जागरण संवाददाता, लखनऊ। भारतीय संस्कृति और सभ्यता की जड़ें केवल देश की सीमाओं तक सिमटी नहीं हैं। हजारों किलोमीटर दूर जापान में भी भारतीय सभ्यता, सनातन परंपराओं और हिंदू विवाह संस्कारों के प्रति आकर्षण देखने को मिल रहा है।
भारतीय रीति-रिवाजों से प्रभावित होकर जापान के एक जोड़े ने लखनऊ में हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह रचाया। विवेक खंड, गोमतीनगर के राधा-कृष्ण मंदिर में सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिरो चिहारा और शिजु ने पुन: एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
विदेशी धरती से आए इस जोड़े का भारतीय परंपराओं के प्रति अनुराग समारोह का खास आकर्षण रहा। मंदिर परिसर में विवाह की रस्में पूरी तरह पारंपरिक हिंदू विधि-विधान से संपन्न हुईं। पंडित जनार्दन ने वैदिक मंत्रों के बीच विवाह संस्कार कराए। जोड़े ने पारंपरिक रस्मों का निर्वहन करते हुए सात फेरे लिए। इस दौरान उनके बच्चे भी मौजूद रहे।
उन्होंने अपने माता-पिता को भारतीय परंपरा के अनुसार विवाह के बंधन में बंधते देखा। मित्रों और परिवारीजन ने दंपती को शुभकामनाएं दीं। पंडित ने कहा कि जापानी जोड़े का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करना भारतीय संस्कृति के अंतरराष्ट्रीय आकर्षण की मिसाल है।
भारतीय विवाह संस्कारों में पारिवारिक जुड़ाव, जीवनभर साथ निभाने का संकल्प और आध्यात्मिक परंपराओं का विशेष महत्व है। यही विशेषताएं दूसरे देशों के लोगों को भी आकर्षित कर रही हैं। इस समारोह में दुबई के उद्योगपति लखनऊ के पंकज जोशी, इंद्र सिंह व लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा भी शामिल हुए।