Move to Jagran APP

राहुल गांधी के किसान एजेंडे को भूल रही उत्तर प्रदेश कांग्रेस, गतिविधियां ठंडी

प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर शीघ्र किसान विभाग गठन के हिमायती है और दावा करते हैं कि कांग्रेस ही किसानों की सच्ची हमदर्द है। भाजपा सिर्फ जुमलेबाज पार्टी है।

By Nawal MishraEdited By: Published: Wed, 05 Sep 2018 07:39 PM (IST)Updated: Wed, 05 Sep 2018 07:55 PM (IST)
राहुल गांधी के किसान एजेंडे को भूल रही उत्तर प्रदेश कांग्रेस, गतिविधियां ठंडी
राहुल गांधी के किसान एजेंडे को भूल रही उत्तर प्रदेश कांग्रेस, गतिविधियां ठंडी

लखनऊ (जेएनएन)। भूमि अधिग्रहण व कर्ज माफी जैसे आंदोलन चलाकर किसानों को लुभाने की कोशिश में जुटे राहुल गांधी का एजेंडा प्रदेश कांग्रेस लगभग भुला चुकी है। राहुल गांधी की देवरिया से दिल्ली ऐतिहासिक किसान यात्रा के दो वर्ष पूरे हो गए परंतु प्रदेश कांग्रेस किसानों के मुद्दों को लेकर कोई बड़ा आंदोलन नहीं चला पई। पिछले सात साल से भंग किसान विभाग फिर से खड़ा नहीं हो पाया। अन्य प्रमुख पार्टियां जहां गांव चलो अभियान, चौपाल चर्चा जैसे कार्यक्रमों के जरिए चुनावी माहौल को गर्माने में जुटी है वहीं कांग्रेस की गतिविधि ठंडी पड़ी है। इस सबके बीच प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर शीघ्र किसान विभाग गठन के हिमायती है और दावा करते हैं कि कांग्रेस ही किसानों की सच्ची हमदर्द है। भाजपा सिर्फ जुमलेबाज पार्टी है।

loksabha election banner

गांवों में तो कांग्रेस को भुला ही दिया जाएगा

ऐसा नहीं कि राष्ट्रीय नेतृत्व किसानों और गांवों की समस्याओं को लेकर आंखें बंद किए है। समय समय पर किसानों के मुद्दे लेकर आंदोलनात्मक कार्यक्रम जारी किए गए परंतु प्रदेश में किसान विभाग न होने के कारण मुख्य संगठन से औपचारिकताएं पूरी करायी गयी। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रामप्रकाश सिंह का कहना है कि यही हालात रहेंगे तो गांवों में कांग्रेस को भुला ही दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गत छह सितंबर 2016 को 27 साल यूपी बेहाल नारे के साथ देवरिया से शुरु हुई राहुल गांधी की किसान यात्रा में खाट सभाएं कामयाब रही थी। करीब तीन सप्ताह में राहुल ने 36 जिलों से गुजरते हुए ढाई हजार किलोमीटर की दूरी तय की थी। इससे कांग्रेस के पक्ष में वातावरण भी बना था। भट्टा पारसौल आंदोलन के बाद भूमि अधिग्रहण कानून बनवाने में अहम भूमिका होने के बावजूद कांग्रेस अपनी संगठनात्मक कमजोरी के चलते राजनीतिक लाभ लेने में नाकाम रही। 

किसान विभाग का कार्यालय भी उजड़ा 

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के कार्यकाल में भंग हुए किसान विभाग का कार्यालय में कांग्रेस मुख्यालय में बंद हो चुका है। उसके स्थान पर महिला कांग्रेस का कार्यालय बना है। किसानों को लेकर प्रदेश कांग्रेस में बढ़ती उदासीनता पर एक पूर्व विधायक का कहना है कि यही हाल रहा तो मिशन 2019 की चुनौती जटिल हो जाएगी।  

किसानों की सच्ची हमदर्द कांग्रेस 

प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर का कहना है कि किसानों की सच्ची हमदर्द कांग्रेस ही है। भाजपा जुमलेबाजी के जरिए सत्ता कब्जाने में कामयाब जरूर रही लेकिन किसान अब सच्चाई जान गया। चुनाव में भाजपा को सबक सिखाया जाएगा। किसान विभाग का गठन जल्द होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.