विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना सूचना चार फरवरी 2019 से गायब रहे IPS अधिकारी जसवीर सिंह बहाल, आठ वर्ष बाद एडीजी रैंक के अधिकारी को राहत

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:22 PM (IST)

IPS Officer Jasvir Singh: जसवीर सिंह खुद एक इंटरव्यू में बता चुके हैं कि 2002 में महराजगंज के एसपी रहते ...और पढ़ें

आईपीएस अधिकारी जसवीर सिंह को आठ बाद निलंबन से बहाल कर दिया गया

आईपीएस अधिकारी जसवीर सिंह को आठ बाद निलंबन से बहाल कर दिया गया

HighLights

  1. शासन ने 16 नवंबर को जारी किया उनकी बहाली का आदेश

  2. बहाली के बाद भी अभी तैनाती नहीं, अभी प्रतीक्षा सूची में

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। गोरखपुर और प्रतापगढ़ में तैनाती के दौरान बेहद चर्चा में रहे आईपीएस अधिकारी जसवीर सिंह को आठ बाद निलंबन से बहाल कर दिया गया है।

उन्हें एडीजी पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) में संबद्ध करते हुए प्रतीक्षा में रखा गया है। उत्तर प्रदेश शासन ने यूपी कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी जसवीर सिंह को बिना उच्चाधिकारी को सूचित किए चार फरवरी 2019 से गायब रहने के मामले में दस दिन बाद 14 फरवरी 2019 को निलंबित कर दिया गया था।

ADG रैंक के अधिकारी जसवीर सिंह की निलंबन से बहाली का आदेश शासन ने करीब आठ साल बाद 16 नवंबर को उनकी जारी किया। फिलहाल उन्हें कोई नई तैनाती नहीं दी गई है और प्रतीक्षारत रखा गया है। उनके निलंबन का एक कारण उनका इंटरव्यू भी बताया जा रहा है। एडीजी (रूल्स एंड मैनुअल्स) रहते हुए जनवरी 2019 में उन्होंने एक इंटरव्यू में पुलिस की कार्यप्रणाली, एनकाउंटर नीति और तैनातियों को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने पुलिस के काम करने के तरीके और एनकाउंटर नीति पर सवाल उठाए थे। शासन ने इसे सेवा नियमों का उल्लंघन मानते हुए 14 फरवरी 2019 को उन्हें निलंबित कर दिया था।

इंटरव्यू के बाद उनसे शासन ने जवाब मांगा, तो वे बिना बताए छुट्टी पर चले गए थे। इसके बाद उनके खिलाफ निलंबन का एक्शन लिया गया था। लंबी विभागीय जांच और समीक्षा के बाद सरकार ने बहाली का आदेश जारी किया है। यूपीएससी की सहमति के बाद उन्हें एडीजी के पद से पदावनत भी किया गया है, जो 31 जनवरी 2028 को उनकी सेवानिवृत्ति से एक दिन पहले तक प्रभावी रहेगा।

1992 बैच के IPS अफसर जसवीर सिंह ने 2003 में फूड सेल एसपी रहते हुए तत्कालीन मंत्री रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ पर लगे खाद्यान्न घोटाले के आरोपों की जांच शुरू की थी। सपा सरकार में फूड सेल के एसपी रहते हुए उन्होंने विभागीय मंत्री राजा भैया के खिलाफ खाद्यान्न घोटाले की जांच शुरू की थी। इस घोटाले में कोटे का राशन, यहां तक कि मिड डे मील का अनाज भी सीधे बाजार में बेच दिए जाने की बात सामने आई थी। इससे पहले प्रतापगढ़ के एसपी रहते हुए भी उन्होंने विधायक की कुछ फाइलें खोली थीं।

जसवीर सिंह खुद एक इंटरव्यू में बता चुके हैं कि 2002 में महराजगंज के एसपी रहते हुए उन्होंने योगी आदित्यनाथ पर रासुका लगाने की संस्तुति की थी, जिसका खामियाजा उन्हें लंबे समय तक भुगतना पड़ा। उनके निलंबन की कहानी जनवरी 2019 से शुरू होती है। उस समय वे ADG (रूल्स एंड मैनुअल्स) के पद पर थे।

उन्होंने एक अंग्रेजी न्यूज पोर्टल को इंटरव्यू दिया, जिसमें पुलिस की कार्यप्रणाली, एनकाउंटर नीति और अफसरों की तैनाती पर सवाल उठाए। शासन ने इसे अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन माना और नोटिस देकर सफाई मांगी। सफाई मांगे जाने के बीच जसवीर सिंह छुट्टी पर चले गए। सरकारी आदेश के मुताबिक वे 4 फरवरी 2019 से बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति और पूर्व सूचना के ड्यूटी से गैरहाजिर रहे। इसी आधार पर 14 फरवरी 2019 को उन्हें निलंबित कर दिया गया।

जसवीर सिंह मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने पंजाब से सिविल इंजीनियरिंग में बीई की पढ़ाई की। इसके बाद यूपीएससी की परीक्षा पास कर 1992 बैच के आईपीएस अफसर बने। उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला और 5 सितंबर, 1993 को उन्होंने पुलिस सेवा जॉइन की। निजी जिंदगी में वे ज्यादा चर्चा में नहीं रहते। उन्हें संगीत में भी काफी रुचि है।

यूपी में कई बड़े पदों पर रहे हैं जसवीर

भारतीय पुलिस सेवा में तीन दशक से अधिक की सेवा में जसवीर सिंह ने यूपी के कई अहम जिलों में पुलिस कप्तान और पुलिस मुख्यालय के बड़े पदों पर काम किया है। ट्रेनी आईपीएस के तौर पर सहारनपुर और मेरठ में एएसपी रहने के बाद वे प्रतापगढ़ (1997), महराजगंज (2002) और मुजफ्फरनगर जैसे जिलों में एसपी और एसएसपी रहे।
2003 में वे यूपी पुलिस की फूड सेल में एसपी थे। इसी दौरान उन्होंने तत्कालीन मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया पर करोड़ों रुपए के खाद्यान्न घोटाले के आरोपों की जांच शुरू की थी। यह मामला लखीमपुर खीरी और सीतापुर से जुड़ा था। बाद में इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी। इसके अलावा 2002 में महराजगंज के एसपी रहते हुए भी वे प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहे।
एडीजी होमगार्ड्स बनाया गया
प्रमोशन के बाद उन्हें एडीजी होमगार्ड्स बनाया गया। इस पद पर रहते हुए उन्होंने विभाग में वर्दी खरीदने और ईंधन के इस्तेमाल की व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गड़बड़ियों को लेकर रिपोर्ट भी दी। इसके बाद उन्हें एडीजी (रूल्स एंड मैनुअल्स) बनाया गया। इसी पद पर रहते हुए वे निलंबित हुए थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।