IPS अधिकारी आलोक सिंह UPPSC के नए चेयरमैन नियुक्त, सभी भर्ती बोर्ड में पुलिस अधिकारी मुखिया
Chiarman UPPSC: उत्तर प्रदेश में अब सभी चार प्रमुख भर्ती बोर्ड की कमान आईपीएस अधिकारी रहे अफसरों के पास हो गई है।

सीनियर आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग
HighLights
उत्तर प्रदेश पुलिस में महानिदेशक पीएसी के पद पर तैनात हैं आलोक सिंह
चार प्रमुख भर्ती बोर्ड की कमान आईपीएस अधिकारी रहे अफसरों के पास
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। सीनियर आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यूपी लोकसेवा आयोग के अध्यक्ष के पद पर उनका कार्यकाल 23 जनवरी 2029 तक होगा। यूपी लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत के 21 नवंबर को रिटायर होने के बाद अब आलोक सिंह उनका स्थान लेंगे।
महानिदेशक पीएसी के पद पर तैनात आलोक सिंह शीघ्र ही पद से इस्तीफा देकर अपना नया कार्यभार संभालेंगे। उत्तर प्रदेश में अब सभी चार प्रमुख भर्ती बोर्ड की कमान आईपीएस अधिकारी रहे अफसरों के पास हो गई है।
1995 बैच के आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले आलोक सिंह ने भौतिक विज्ञान और गणित से बीएससी, अर्थशास्त्र में एमए तथा विपणन एवं वित्त में एमबीए किया है। वह नोएडा के पहले पुलिस आयुक्त रहे हैं।
आलोक सिंह नोएडा (गौतम बुद्ध नगर) के पहले पुलिस कमिश्नर रहे हैं। जनवरी 2020 में नियुक्ति हुई थी। आलोक सिंह राजनाथ सिंह के निजी सचिव भी रहे हैं। कानपुर जोन के एडीजी, मेरठ रेंज के आईजी और कानपुर के एसएसपी व आईजी और कानपुर जोन के एडीजी समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। सोनभद्र में नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में उल्लेखनीय भूमिका के लिए उन्हें राष्ट्रपति वीरता पदक भी मिला था। वर्तमान में वह डीजी पीएसी और डीजी एसएसएफ के पद पर तैनात हैं।
पुलिस सेवा में उन्हें कई पदक मिले
आलोक सिंह को पुलिस वीरता पदक (PMG - 2003), सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक (PM - 2012), विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक (PPM - 2021), उत्कृष्ट सेवा पदक (2020) और अति उत्कृष्ट सेवा पदक (2026) नवाजा जा चुका है।
योगी आदित्यनाथ सरकार चुनाव करीब होने की कारण अब आयोग में लंबित भर्तियों को जल्द पूरा कराना चाहेगी। इसी को देखते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष की कमान PAC महानिदेशक और 1995 बैच के IPS अफसर आलोक सिंह को सौंपी गई है। उनके पास यूपी स्पेशल पुलिस फोर्स के डीजी का कार्यभार भी है।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) एक वर्ष में करीब 15 से 20 हजार भर्तियां करता है। इनमें से पीसीएस और पीसीएस-ज्यूडिशियल जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा की जिम्मेदारी भी आयोग के पास रहती है। इसके अलावा, आरओ, एआरओ, तहसीलदार, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नायब तहसीलदार, एआरटीओ जैसी भर्तियां भी करता है।
चार भर्ती बोर्ड में पुलिस अधिकारी मुखिया
आलोक सिंह के अलावा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कमान पूर्व डीजीपी सत्यनारायण साबत, यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग में पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार और पुलिस भर्ती-प्रोन्नति बोर्ड की कमान डीजीपी एसबी शिरडकर के हाथों में है। उत्तर प्रदेश के मुख्य सूचना आयुक्त भी पुलिस अधिकारी आरके विश्वकर्मा हैं। प्रदेश में भर्ती आयोग और बोर्ड में अध्यक्ष पद पर IPS अफसरों की तैनाती का प्रयोग सफल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।