दुश्मनों पर गरजने वाले पूर्व वायुसेनाध्यक्ष समेत 66 जांबाज 'गुमनाम', सरकार ने शुरू किया 'ऑपरेशन सर्च'
नहीं मिल रही 1986 से पूर्व वीरता पदक पाने वालों की जानकारी। सैनिक बोर्ड ने एयर चीफ मार्शल कौल सहित रक्षा मंत्रालय के एजी ब्रांच से मांगा ब्योरा।
लखनऊ, (निशांत यादव)। सन् 1965 हो या 71..., दो जंगों में पाकिस्तान पर कहर बनकर गरजने वाले देश के करीब 66 योद्धा अपने ही देश में 'गुमनामी' में खो गए हैैं। वो भी तब, जब इन सुपर हीरो को जंग की दुनिया में जांबाजी के खिताब से नवाजा जा चुका है। कुछ नाम तो ऐसे हैैं, जिनकी बहादुरी पर इतिहास भी इतराता है। इनमें पूर्व वायुसेनाध्यक्ष एयर चीफ मार्शल स्वरूप कृष्ण कौल और दुश्मन विमानों के लिए किलर कहे जाने वाली फाइटर पायलट कीलर ब्रदर्स भी शामिल...।
वीरता पदक से नवाजे जा चुके सारे के सारे ये जाबांज कहां हैैं, किस हाल में हैैं...? कुछ पता नहीं चल पा रहा। राज्य सरकार की एक विंग उनसे लगातार संपर्क करने की कोशिश कर रही है, मगर कामयाबी नहीं मिल पाई है। अब हारकर उन तक पहुंचने के लिए सैनिक बोर्ड ने रक्षा मंत्रालय की एडजूटेंट जनरल (एजी) ब्रांच से संपर्क साधा है। दरअसल, प्रदेश सरकार ने 15 जून 2018 को सन् 1986 से पूर्व हुए युद्धों और सैन्य ऑपरेशनों में वीरता पदक, सेना मेडल और मेंशन इन डिस्पैच का पुरस्कार पाने वालों को एक मुश्त राशि और वार्षिकी प्रदान करने का आदेश दिया है।
इसके बाद ही राज्य सैनिक पुनर्वास और लखनऊ सैनिक पुनर्वास अधिकारियों ने जब वीरता पदक प्राप्त जांबाजों के दिए पते पर संपर्क किया तो वे वहां नहीं मिले। सेना के तीनों अंगों के ऐसे 66 जांबाजों की लिस्ट है, जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। अब रक्षा मंत्रालय के एजी ब्रांच को 66 जांबाजों की लिस्ट भेजी गई है। जिससे उनके मूल पते की जानकारी हासिल कर उनको वीरता पदक की राशि सौंपी जा सके।
लखनऊ के इन नायकों की तलाश
- एयर चीफ मार्शल स्वरुप कृष्ण कौल महावीर चक्र 1972
- एयर मार्शल डेंजिल कीलर वीर चक्र 1965
- ब्रिगेडियर बल अमरजीत सिंह महावीर चक्र 1972
- ब्रिगेडियर आर दिवाकर वीर चक्र 1965
- मेजर रबिंद्रनाथ सेन गुप्ता वीर चक्र 1971
- मेजर धीरेंद्र नाथ सिंह वीर चक्र 1965
- फ्लाइट ले. विनय कपिला वीर चक्र 1965
- विंग कमांडर ट्रेवर कीलर वीर चक्र 1965
- फ्लाइट ले. अल्फ्रेड टाइरोन कुकी वीर चक्र 1965
- गु्रप कैप्टन मोहन दीक्षित वीर चक्र 1971
- ले. वीरेंद्र कुमार दत्ता वीर चक्र 1971
यहां आए थे कीलर ब्रदर्स
राज्य सरकार भले ही कीलर ब्रदर्स को न खोज सकी हो, लेकिन छह व सात अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित ऑल इंडिया एंग्लो इंडियन एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा में डेंजिल कीलर, उनके भाई दिवंगत ट्रेवर कीलर का परिवार और फ्लाइट ले. अल्फ्रेड टाइरोन कुकी भी शामिल हुए थे। हालांकि, अब वे कहां हैैं इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है।