बैंकॉक से दिल्ली जा रहे विमान में बिगड़ी यात्री की तबीयत, लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग
बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान में एक यात्री की तबीयत बिगड़ने पर लखनऊ एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बैंकॉक-दिल्ली इंडिगो उड़ान में एक यात्री की तबीयत बिगड़ी।
लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान की मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग हुई।
बीमार यात्री को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बैंकॉक से दिल्ली जा रहे इंडिगो एयरलाइन के विमान में एक यात्री की तबीयत बिगड़ गई। एटीसी से अनुमति के बाद विमान की मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग शनिवार देर रात चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हुई। यात्री को एक निजी अस्पताल भेजा गया। इस बीच विमान एक घंटे तक खड़ा रहा।
इंडिगो एयरलाइन का विमान 6ई-1054 बैंकॉक से रात करीब 8:15 बजे रवाना हुआ था, इस विमान को रात 11:10 बजे दिल्ली पहुंचना था। रास्ते में एक यात्री की हालत बिगड़ते देख क्रू सदस्य ने इसकी सूचना पायलट को दी।
विमान लखनऊ वायुसेना क्षेत्र में था, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए लखनऊ एटीसी से संपर्क किया और मेडिकल इमरजेंसी के कारण प्राथमिकता पर लैंडिंग की अनुमति मांगी।
विमान के उतरते ही मेडिकल टीम एंबुलेंस से यात्री को गोमती नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले गई। इस बीच विमान करीब एक घंटे तक लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़ा रहा। रात 12:05 बजे विमान दिल्ली के लिए रवाना हो सका।
