रेलवे का बड़ा फैसला: रात 11 से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे ट्रेन के चार्जिंग प्वाइंट
रेलवे ने ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट बंद करने का आदेश दिया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रात 11 से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग बंद
पावर बैंक फटने की घटना के बाद निर्णय
यात्रियों की सुरक्षा हेतु रेलवे का आदेश
जागरण संवाददाता, लखनऊ। चलती ट्रेन में अब रात 11 से सुबह पांच बजे तक मोबाइल फोन की चार्जिंग नहीं हो सकेगी। रेलवे ने 25 अक्टूबर को ट्रेन में चार्जिंग के समय पावर बैंक फटने की घटना का संज्ञान लेते हुए सभी जोनल मुख्यालयों को आदेश जारी किया है।
बीती 25 अक्टूबर को मुंबई से हावड़ा जा रही ट्रेन 12809 मुंबई मेल ओडिशा के बंडामुंडा के पास से गुजर रही थी, तब ही उसकी बोगी बी-3 में एक यात्री का पावर बैंक चार्जिंग के दौरान फट गया था। इस घटना का संज्ञान लेते हुए रेलवे बोर्ड के विशेष कार्य अधिकारी, बिजली इंजीनियरिंग (सामान्य) सौमित गुप्ता ने कोचों में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट को रात 11:00 बजे से सुबह पांच बजे तक बंद रखने के संबंध में निर्देश दिए हैं।
अपने आदेश में उन्होंने कहा है कि हाल ही में दक्षिण-पूर्व रेलवे में एक घटना हुई है, जहां ट्रेन के आन-बोर्ड स्टाफ ने रात को मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट बंद नहीं किए थे। परिणामस्वरूप चार्जिंग के दौरान एक यात्री का पावर बैंक फट गया।
इसे देखते हुए सभी क्षेत्रीय रेलवे को सलाह दी जाती है कि वे सभी संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी करें, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट रात 11 से सुबह पांच बजे तक अनिवार्य रूप से बंद रहें। इस संबंध में किसी भी प्रकार की छूट की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
